देश में प्राकृतिक आपदाओं के समय एक लाख एनसीसी कैडेट्स नागरिकों की मदद के लिए प्रशिक्षित किए जाएंगे और उन्हें युवा आपदा मित्र के रूप में नामित किया जाएगा।
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने शनिवार को दिल्ली छावनी में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इन कैडेट्स को प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय डेटाबेस से जोड़ा जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।
जनरल वत्स ने कहा कि इस पहल से न केवल आपदा प्रबंधन की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि देश में युवा नेतृत्व और सेवा भावना को भी प्रोत्साहन मिलेगा। प्रशिक्षित कैडेट्स की यह टीम भविष्य में भूकंप, बाढ़, तूफान और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत कार्यों में तैनात होगी।
इस योजना के तहत कैडेट्स को तुरंत प्रतिक्रिया देने, बचाव और राहत कार्यों में सहयोग करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें आपदा प्रबंधन के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया जाएगा।

