नए साल के आगमन के साथ ही देशभर में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। कई राज्यों में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। राजस्थान में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में गलन और ठिठुरन बढ़ गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने विभिन्न राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
IMD ने नागरिकों से आगाह किया है कि ऐसे मौसम में सड़क और ट्रैफिक की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। ठंड और कोहरे के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचने के लिए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को पर्याप्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे की स्थिति जारी रह सकती है, इसलिए लोगों को मौसम अनुसार अपनी दिनचर्या और यात्रा योजनाओं में बदलाव करना चाहिए।

