शेयर बाजार में साल 2025 के आखिरी कारोबारी सप्ताह की शुरुआत हो चुकी है और आज, 29 दिसंबर को फिर से मेटल शेयरों (Nifty Metal Index) में तेजी देखी जा रही है। खास बात है कि मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी टाटा स्टील (Tata Steel Shares) के शेयर दिखा रहे हैं। टाटा स्टील के स्टॉक्स शुरुआती कारोबार में 2.50 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए हैं और निफ्टी मेटल इंडेक्स के टॉप शेयरों में तीसरे नंबर पर हैं।
टाटा स्टील के शेयर सुबह 169.51 रुपये पर खुले और 173.73 रुपये का हाई लगा दिया। सुबह 10 बजे तक शेयरों में सवा करोड़ शेयरों की खरीदी-बिक्री हो गई है।
2025 में टाटा स्टील के शेयरों का रिटर्न
एक ओर टीसीएस, ट्रेंट और टाटा मोटर्स जैसे टाटा ग्रुप के शेयरों ने सालभर में नेगेटिव रिटर्न दिया है। वहीं, टाटा स्टील के शेयरों ने 26 फीसदी रिटर्न डिलीवर किया है। खास बात है कि यह रिटर्न निफ्टी के 9 फीसदी रिटर्न से करीब तीन गुना है।
टाटा स्टील के शेयरों ने इस साल अब तक 26.66 फीसदी तो पिछले एक साल में 26.52 प्रतिशत रिटर्न दिया है। वहीं, 5 साल में टाटा स्टील के शेयर करीब 170 फीसदी तक चढ़े हैं। टाटा स्टील के शेयरों का रिकॉर्ड उच्च स्तर 186.94 रुपये है, जो इस स्टॉक ने अक्टूबर 2025 में लगाया था।
टाटा स्टील, टाटा ग्रुप की एक दिग्गज कंपनी है जिसका मार्केट कैप 2.15 लाख करोड़ से ज्यादा है। शेयरधारकों के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि इस कंपनी ने 26.8 फीसदी के डिविडेंड पेआउट को बरकरार रखा है।
टाटा स्टील लिमिटेड एशिया की पहली इंटीग्रेटेड प्राइवेट स्टील कंपनी है, जिसे 1907 में स्थापित किया गया था। यह कंपनी लौह अयस्क और कोयले की माइनिंग और प्रोसेसिंग से लेकर तैयार उत्पादों के उत्पादन और वितरण तक, स्टील मैन्युफैक्चरिंग का कारोबार करती है।

