बदायूं में साइबर ठगी: वाट्सएप पर भेजी APK फाइल, खाते से उड़ गए 5.89 लाख रुपये

3.0kViews
1522 Shares

साइबर ठग लगातार किसी न किसी तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इस समय साइबर ठगों को ऐपीके फाइल भेजकर लोगों को चूना लगाना सबसे सरल प्रतीत हो रहा है और वह इस तरीके से रोजाना लोगों से ठगी कर रहे हैं।

शहर में ही उन्होंने एक व्यक्ति को ऐपीके फाइल भेजकर उसके खाते से 5.89 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसकी शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली और इसकी छानबीन शुरू कर दी है।

अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला पंजाबी चौक शेख पट्टी निवासी किरन शर्मा पत्नी वेदप्रकाश मिश्रा ने बताया कि उनके पति का खाता पंजाब नेशनल बैंक में है। अभी कुछ दिन पहले उनके वाट्सएप पर पंजाब नेशनल बैंक के नाम से ऐपीके फाइल आई थी। वह उसके बारे में जानते नहीं थे। इससे उन्होंने ऐपीके फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उनके खाते से पहले एक रुपया ट्रांसफर हुआ।

दूसरे दिन सीधे पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। तीसरे दिन भी उनके खाते से रुपये निकाले गए। उन्होंने कुल उनके खाते से 5,89,298 रुपये ट्रांसफर कर लिए।

छानबीन में जुटी साइबर थाना पुलिस

जब उन्हें इस बारे में पता चला तो वह हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम थाने आकर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। उसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

इंस्पेक्टर विनोद कुमार बर्धन ने बताया कि इसमें तहरीर के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसकी जांच कराई जा रही है। जल्द ही कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *