गोवा अग्निकांड: 25 लोगों की मौत का होगा हिसाब, लूथरा बंधुओं को थाईलैंड से भारत लाने की तैयारी पूरी

2.7kViews
1080 Shares

गोवा के नाइट क्लब में हुए अग्निकांड के मुख्य आरोपितों क्लब मालिक सौरभ व गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। उनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और उन्हें जल्द ही भारत लाया जाएगा।

अग्निकांड के एक घंटे के भीतर थाईलैंड भाग गए थे

उत्तरी गोवा के अरपोरा में बने नाइट क्लब बर्च बाय रोमियो लेन में बीते शनिवार रात को आग लगने से 25 लोगों की जान गई थी। इस अग्निकांड के एक घंटे के भीतर ही लूथरा बंधुओं ने थाईलैंड की हवाई टिकट बुक करा ली थी और शनिवार सवेरे इंडिगो की फ्लाइट से थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे। भारत सरकार के अनुरोध पर इंटरपोल ने इस संबंध में नौ दिसंबर को ब्लू कार्नर नोटिस जारी किया था।

गोवा पुलिस ने सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल से यह नोटिस जारी करने का अनुरोध किया था। उसी के तहत उन्हें थाईलैंड के अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। उन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं सीबीआई ने भी अपनी कमर कस ली है, तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

भारत और थाईलैंड के बीच प्रत्यर्पण संधि लागू

औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें जल्द भारत लाया जाएगा। भारत और थाईलैंड के बीच 2013 से प्रत्यर्पण संधि लागू है। यह संधि भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण के लिए एक ठोस कानूनी ढांचा प्रदान करती है।

गोवा पुलिस ने कहा कि दोनों भाइयों पर लापरवाही और फायर सेफ्टी उपकरणों के बिना फायर शो आयोजित करके हत्या, गैर इरादतन हत्या और चोट पहुंचाने का आरोप है। जैसे ही लुथरा भाइयों की हिरासत की खबर सामने आई, उनके पासपोर्ट पकड़े हुए हाथकड़ी वाली तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगीं।

भागे क्यों लूथरा भाई

उत्तरी गोवा से सांसद और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने नई दिल्ली में संसद भवन के बाहर पत्रकारों से कहा कि दोनों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उन्होंने आश्चर्य जताया कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद वह भाग निकले।

सह-मालिक अजय गुप्ता सात दिन के पुलिस रिमांड पर

उधर, गोवा की एक अदालत ने नाइट क्लब के सह-मालिक अजय गुप्ता को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। गुप्ता की गिरफ्तारी उसके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर जारी होने के बाद बुधवार को दिल्ली से हुई थी। उसे बुधवार रात ही दिल्ली से गोवा लाया गया था। गोवा पुलिस अरपोरा नाइट क्लब के पांच प्रबंधकों और कर्मचारियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *