फिल्म धुरंधर के जरिए अभिनेता रणवीर सिंह करीब ढाई साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि निर्देशक आदित्य धर के डायरेक्शन में बनने वाली धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करती हुई नजर आ सकती है।
इससे पहले हम आपको रणवीर सिंह की उन पांच फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कलेक्शन करके दिखाया है। इसके साथ ही धुरंधर के सामने इन मूवीज के रिकॉर्ड को तोड़ने की चुनौती रहेगी।
पद्मावत (Padmaavat)
साल 2018 में निर्देशक संजय लीला भंसाली के निर्देशन में अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म पद्मावत को रिलीज किया गया था। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार इस ड्रामा पीरियड मूवी ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 302.15 करोड़ का धमाकेदार कलेक्शन किया था। इसके साथ ही पद्मावत रणवीर के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी हुई है।
सिम्बा (Simmba)
पद्मावत के बाद रणवीर सिंह की जिस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर नेट सबसे अधिक कलेक्शन किया है तो उसमें फिल्म सिम्बा का नाम शामिल है। ब्लॉकबस्टर सिम्बा का डायरेक्शन रोहित शेट्टी ने किया और इसे साल 2018 के अंत में बड़े पर्दे पर रिलीज किया गया था। इसकी लाइफटाइम कमाई 240.31 करोड़ रही थी।
बाजीराव मस्तानी (Bajirao Mastani)
गौर किया जाए रणवीर सिंह के एक्टिंग करियर की सबसे अधिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करने वाली तीसरी फिल्म की तरफ तो उसमें बाजीराव मस्तानी का नाम शामिल होता है। साल 2015 में रिलीज हुई इस मूवी ने भारत में नेट 184.2 करोड़ की बंपर कमाई की थी।
रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (Rocky Aur Rani Ki Prem Kahani)
2023 में आखिरी बार रणवीर सिंह को फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में देखा गया। एक्टर की ये मूवी हिट साबित हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल कलेक्शन 153.60 करोड़ रहा था।
गली ब्वॉय (Gully Boy)
निर्देशक जोया अख्तर के डायरेक्शन में रणवीर सिंह स्टारर फिल्म गली ब्वॉय को साल 2019 में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। ये फिल्म ऑडियंस का दिल जीतने में सफल रही और हिट साबित हुई। गौर करें इसके नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की तरफ तो वह 140.25 करोड़ रहा था।

