जागरण-डिजीकवच अभियान: फरीदाबाद में वरिष्‍ठ नागरिकों ने सीखे डिजिटल सेफ्टी के तरीके

2.1kViews
1259 Shares

हरियाणा के फरीदाबाद में दैनिक जागरण और विश्‍वास न्‍यूज के सहयोग से गूगल ने प्रतिष्ठित ‘डिजीकवच’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेमिनार का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘वरिष्ठ नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा: सच के साथी’ अभियान के तहत हुआ। सेमिनार में वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन स्कैम के प्रकार बताने के साथ ही उनसे बचने के तरीके भी बताए गए।

सेक्‍टर-7 के सीही के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विश्‍वास न्‍यूज के एक्सपर्ट ने लोगों को इस कार्यक्रम का महत्व बताते हुए कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। ठग कभी फिशिंग लिंक्स के जरिए, तो कभी फेक वेबसाइट के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं। )इनसे बचने के लिए सतर्कता जरूरी है।

कार्यक्रम में विश्‍वास न्‍यूज की डिप्टी एडिटर देविका मेहता ने लोगों को गूगल और सोशल मीडिया अकाउंट के मजबूत पासवर्ड बनाने का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए पासकी का इस्तेमाल करना बेहतर होगा। साथ ही टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन के प्रयोग से भी अकाउंट को सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने लुभावने मैसेज के साथ आने वाले फिशिंग लिंक्स पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी।विश्‍वास न्‍यूज की चीफ सब एडिटर प्रज्ञा शुक्ला ने क्रेडिट और डेबिट कार्ड फ्रॉड के बारे में बताते हुए कहा कि ठग अक्सर बीमा या बैंक एजेंट बनकर यूजर की निजी और बैंकिंग जानकारी लेकर नया क्रेडिट कार्ड बनवा लेते हैं और आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे बचने के लिए किसी के साथ भी अपनी निजी जानकारी और ओटीपी शेयर नहीं करने चाहिए। शुक्ला ने कहा कि अगर कोई साइबर क्राइम हो जाए, तो तुरंत 1930 पर इसकी जानकारी दें।

विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित हुए इस कार्यक्रम में ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन ने सहयोग किया है। कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ नागरिकों ने कड़वे अनुभवों को साझा किया। वहां मौजूद ब्लॉक एजुकेशन अधिकारी महेंद्र सिंह ने कार्यक्रम को आज की जरूरत बताते हुए दैनिक जागरण को धन्यवाद दिया। इस दौरान वहां स्कूल की प्रिंसिपल सीमा गौतम और फाउंडेशन के संस्थापक सैंडी खांडा भी मौजूद रहे।

29 को दिल्ली में होगा सेमिनार

29 नवंबर (शनिवार) को दिल्ली के अशोक विहार स्थित क्ले 1 ग्रांड बैंक्वेट, वजीरपुर में सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। 11 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में केशवपुरम का सिंगल सीनियर्स वेलफेयर ट्रस्ट सहयोग कर रहा है।

कार्यक्रम के बारे में

‘वरिष्ठ नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा: सच के साथी’ अभियान के तहत जागरण डिजिटल और विश्‍वास न्‍यूज की टीमें देशभर में सेमिनार और वेबिनार के माध्‍यम से ट्रेनिंग दे रही है। इसके तहत देश के 20 राज्‍यों के 30 शहरों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *