1404
Shares
गोपालगंज
जादोपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के अंतरजातीय प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर माता-पिता ने ही बेटे के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद उसे दफना दिया था। मामले में पुलिस ने आरोपित माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित भाई फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। रविवार को हत्या के आरोपित माता-पिता को पुलिस ने कोर्ट में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया। दंपती की 15 वर्षीया बेटी का अपने ही गांव के युवक से प्रेम-प्रसंग था। इसको लेकर स्वजन ने कई बार उसे समझाया और पिटाई भी की। फिर भी वह नहीं मानी।
इससे खफा पिता व मां उसे पुत्र के साथ मिलकर घर के एक कमरे में ले गए और पिता ने गला दबाकर उसे मार डाला था। हत्या के बाद उसके शव को जलाने का प्रयास किया गया। शव पूरी तरह से नहीं जल सका तो स्वजन ने सिहोरवा बांध के समीप दफन कर दिया था।
सुराग मिलने पर पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला और शनिवार को ही आरोपित पिता व मां को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को दिए गए बयान में बेटी के प्रेम-प्रसंग के कारण उसकी हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
जादोपुर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला ने बताया कि इस मामले में मृत लड़की के भाई की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव तेजाब से जलाया गया है या आग से, पुलिस इसकी जांच कर रही है।