3.0kViews
1744
Shares
पीलीभीत
सिक्किम राज्य के लाचेन में सेना शिविर में भूस्खलन होने से कलीनगर के गांव धुरिया पलिया के निवासी सैनिक के बलिदान होने की सूचना पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बलिदानी के घर पर भी लोग पहुंच कर स्वजनों को ढांढस बंधाने लगे।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव धुरिया पलिया निवासी लखविंदर सिंह 15 वषों से भारतीय सेना में सेवा दे रहे थे। हालत ही में वह सिक्किम में तैनात थे। सोमवार को लाचेन स्थित शिविर में भूस्खलन होने से वह बलिदान हो गए। लखविंदर सिंह अभी एक माह पूर्व ही छुट्टी से ड्यूटी पर गये थे। डेढ़ माह पूर्व उनकी पुत्री का जन्म हुआ। पुत्री के जन्म के उपरांत ही वह ड्यूटी पर गए थे। उनके पिता गुरुदेव सिंह किसान हैं। उनके बड़े भाई पलविंदर सिंह सिंह भी पिता के साथ खेती किसानी में हाथ बंटाते हैं।
जवान के बलिदान होने की सूचना पर पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी। आसपास के लोगों का भी घर आना जाना शुरू हो गया। परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए क्षेत्रीय लोगों का तांता लग गया।
जवान का एक पांच वर्षीय पुत्र और डेढ़ माह की पुत्री है। पत्नी का भी रो रो कर बुरा हाल है। स्थानीय सांसद व केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने सैनिक के निधन पर शोक संवेदना जताई है।