मंडला |
मध्यप्रदेश के मंडला जिले के रामनगर में दो दिवसीय आदि उत्सव आज से प्रारंभ हो रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम में कई प्रमुख अतिथि शामिल होंगे। इनमें मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके शामिल हैं। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य भी मौजूद रहेंगे। राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात के जनजातीय कल्याण मंत्री भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
5 मई को होने वाले समापन समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस दो दिवसीय आयोजन में विविध कार्यक्रम होंगे। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजातीय संस्कृति पर संगोष्ठी और सामूहिक विवाह शामिल हैं। स्वास्थ्य शिविर और दिव्यांग शिविर भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में जनजातीय राजपरिवार के सदस्य, पंडा, पुजारी, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी आमंत्रित किए गए हैं।