सिवनी,
सिवनी जिले में शनिवार दोपहर एक बजे से मौसम में अचानक बदलाव आया। जिला मुख्यालय सहित कई विकास खंडों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी देखी गई।
शुक्रवार को भी दोपहर तीन बजे के बाद करीब 15-20 मिनट तक बारिश हुई थी। इस बारिश से जहां लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
गर्मी के मौसम में होने वाली फसलों को नुकसान की आशंका है। गेहूं उपार्जन केंद्रों में रखे अनाज के भीगने का भी खतरा है।
आदिवासी बहुल विकास खंड घंसौर के कई गांवों में एक से दो मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरे। किसानों ने फसल नुकसान की जानकारी राजस्व विभाग को दी है।
पटवारी, आरआई और तहसीलदार जल्द ही स्थिति का जायजा लेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से तेज बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।
कुछ दिन पहले आकाशीय बिजली गिरने से कुछ लोगों की मौत हुई थी। दो दिन पहले तेज हवा के कारण जंगल में लकड़ी बीनने गए एक युवक की पेड़ गिरने से मृत्यु हो गई थी।