2.9kViews
1790
Shares
मेरठ
संभल ही नहीं, पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होली पर मस्जिदों को ढका जाता रहा है। होली पर शांति व्यवस्था कायम रखने के मकसद से संभल में बुधवार को जामा मस्जिद के पिछले हिस्से को तिरपाल से ढकवा दिया गया है। शहर की 10 अन्य मस्जिदों को भी गुरुवार तक ढका जाना है।
शाहजहांपुर में लाट साहब के जुलूस निकलने को लेकर इस बार 67 मस्जिदों को ढकवा दिया गया है। यहां होली पर लाट साहब के दो जुलूस निकाले जाते हैं। बरेली में भी जुलूस मार्ग की सभी मस्जिदों को ढकवा दिया गया है। मस्जिदों के ढकवाने के पीछे अधिकारियों का मानना है कि कोई आसमाजिक तत्व शरारत न कर सकें।
बरेली के आइजी रेंज डा. राकेश सिंह का कहना है कि शांति समिति की बैठक में आपसी सहमति से लिए गए फैसले के बाद जुलूस वाले मार्गों की मस्जिदों को ढकवा दिया गया है। संभल जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सदर जफर अली का कहना है कि मस्जिदों को तिरपाल से ढकवाना नई बात नहीं है। हर वर्ष ही ऐसा होता है।
2024 में भी मस्जिदों को गया ढकवाया
संभल में 2024 में भी मस्जिदों को ढकवाया गया था। संभल में होली के दिन 12 बजे के करीब चौपाई जुलूस निकाला जाता है। इस बार भी 14 मार्च को जुलूस निकाला जाएगा। इसके मार्ग में ही जामा मस्जिद का पिछला हिस्सा है। इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन है।
लिहाजा जिले की 21 मस्जिदों पर शुक्रवार को लेखपाल के साथ पुलिस फोर्स की तैनाती का निर्णय लिया गया है। जामा मस्जिद के सर्वे के विरोध में 24 नवंबर, 2023 को हुई हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद संभल में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। हर जुमे को अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाती है।
होली और जुमे की नमाज एक दिन होने की वजह से नमाज भी ढाई बजे कराने का निर्णय लिया गया है। एएसपी श्रीश्चंद्र ने बताया कि पूर्व की भांति दूसरे संप्रदाय के धार्मिक स्थलों को ढकवाया जा रहा है। गुरुवार तक सभी मस्जिदों को ढकवा दिया जाएगा।
जामा मस्जिद में भी ढाई बजे होगी नमाज
संभल के जामा मस्जिद में भी 14 मार्च को जुमे की नमाज ढाई बजे ही पढ़ी जाएगी। मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सदर जफर अली ने बुधवार शाम इसकी घोषणा की थी। जुमे और होली एक दिन होने की वजह से एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने धर्मगुरुओं से बात कर इस बार नमाज का समय ढाई बजे करने की घोषणा की थी। सदर जफर अली ने मंगलवार को कहा था कि धर्म गुरु सिर्फ सुझाव दे सकते हैं। समय तय करना कमेटी का अधिकार है। अब उन्होंने भी ढाई बजे समय रखा है।