सर्दी में ट्राली के नीचे रात काट रहे गन्ना किसान, रोजा चीनी मिल में न अलाव न रैन बसेरे की पूरी व्यवस्था

3.0kViews
1187 Shares

चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू हो गए हैं, लेकिन गन्ना तौल कराने पहुंच रहे किसान मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। रातभर तौल के इंतजार में किसानों को बदलते मौसम के साथ सर्दी बढ़ रही है, जिससे बचने के लिए अपनी ही ट्राली के नीचे गन्ने की पताई बिछाकर सोना पड़ रहा है।

अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की रोजा इकाई के यार्ड में पर्याप्त रोशनी न होने से यहां आने वाले किसानों को ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने का खतरा भी बना रहता है, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ।

बहादुरपुर गांव निवासी अर्पित वर्मा ने बताया कि तौल पर्ची का संदेश मिलते ही किसान गन्ने की छिलाई और ट्राली में भराई के काम में जुट जाते हैं। पूरा दिन मेहनत करने के बाद जब मिल पहुंचते हैं तो लंबी लाइन में रातभर इंतजार करना पड़ता है।

थकान और ठंड से बचने के लिए मजबूरन ट्राली के नीचे पताई पर सोना पड़ता है। अनूप सिंह ने बताया कि यार्ड में पर्याप्त रोशनी नहीं है। कोहरे में ट्र्र्रैक्टर ट्राली के बीच दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

वीरेंद्र ने बताया कि यार्ड में न पर्याप्त लाइट है और न अलाव की व्यवस्था। खुले मैदान में सर्दी से हाथ पैर सुन्न होने लगते हैं। कोई उचित स्थान न होने से ट्राली के नीचे सोने को मजबूर हैं।

शिकायतों के बावजूद मिल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। नन्हेलाल ने बताया कि रैन बसेरा के एक कमरे केवल तीन गद्दे हैं, जबकि रात में 100 से अधिक किसान पहुंचते हैं।

ऐसे में अधिकांश किसानों को सीमेंट के चबूतरे पर लेटना पड़ता है। कटिया निवासी सोहेल खान ने बताया कि किसानों को अपना बिस्तर लेकर आना पड़ता है। रैन बसेरा में स्थान न मिलने के कारण अधिक भीड़ होने पर ट्राली के नीचे ही सोना मजबूरी है।

मिल के महाप्रबंधक पंकज गोयनका ने बताया कि रैन बसेरे में समुचित व्यवस्था की गई है। यार्ड में बिजली की व्यवस्था भी है। जिन स्थानों पर दिक्कत आ रही है, वहां सुधार कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *