गयाजी को विकास की सौगात: सिक्सलेन NH-19 का लोकार्पण, बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान

1519 Shares

विकसित और आत्मनिर्भर बिहार बनाने की दिशा में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैशाली से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरीए गया जिले के शेरघाटी से बिहार-झारखंड सीमा के समीप चोरदाहा तक नवनिर्मित सिक्सलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का भी लोकार्पण किया।लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मगध विश्वविद्यालय बोधगया परिसर में किया गया।

प्रधानमंत्री ने गया समेत राज्य को 34 हजार करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के विकास को यहां आकर ही महसूस किया जा सकता है।

एनडीए सरकार के नेतृत्व में राज्य विकास की नई इबारत लिख रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की इस विकास यात्रा में नीतीश कुमार ने वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की सेवा की।

अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। उल्लेखनीय है कि एनएच-19 के निर्माण कार्य से जुड़ी बीआरसी कंस्ट्रक्शन इंडिया लिमिटेड की टीम की देखरेख में परियोजना पूरी की गई। करीब 40 किलोमीटर दूरी की यह सड़क 552 करोड़ की लागत से बनाई गई है।

एनएच-19 से बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान

प्रधानमंत्री ने शेरघाटी से चोरदाहा तक एनएच-19 के सिक्सलेन निर्माण का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली इस आधुनिक सड़क से आवागमन सुगम होगा। इससे व्यापार और परिवहन को भी गति मिलेगी।

गयाजी में 6000 करोड़ रुपये की लागत से स्टील परियोजना पर काम शुरू

प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार के शासनकाल में बिहार की पहचान बदल रही है। पहले राज्य की चर्चा घोटालों और अपराध के आंकड़ों को लेकर होती थी, लेकिन अब निवेश और विकास परियोजनाओं की चर्चा हो रही है।

पिछले एक वर्ष में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। गयाजी में छह हजार करोड़ रुपये की लागत से स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है। बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने के लिए नई प्रोत्साहन नीति लाई जा रही है।

गया के 10 लाभुकों को मिली आवास की चाबी

कार्यक्रम के दौरान गया जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी सौंपी गई।

इनमें गया नगर निगम के वार्ड संख्या 47 की प्रतिमा देवी, मानपुर की नीलम देवी, टिकारी नगर परिषद की रेणु देवी और बबीता देवी, शेरघाटी की बबीता देवी और मंजू देवी, बोधगया नगर परिषद की रजनी देवी तथा खरखुरा वार्ड संख्या एक के विक्रम कुमार और विलास चौधरी शामिल हैं।

मौके पर मगध प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. सफीना एएम, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार मांझी, नगर परिषद बोधगया के सभापति ललिता देवी, बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *