छतों पर सोलर पैनल लगाने की मुहिम को बैंकों के ऋण से रफ्तार मिल रही है। पीएम सूर्य घर योजना के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक करीब 11 हजार आवेदन पहुंच चुके हैं। इनमें से लगभग साढ़े चार हजार को स्वीकृति मिल गई है।
योजना में बैंकों की ऋण सुविधा भी लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। हालांकि, सभी बैंकों का प्रदर्शन एक जैसा नहीं है। एचडीएफसी बैंक में महज तीन आवेदन पहुंचे और इनमें से एक को भी स्वीकृति नहीं मिली।
ऐसे में कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक कुमार सोनी ने बताया कि जिले में पीएम सूर्य घर योजना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बैंक काफी लाभ दे रही हैं।
ऐसे करें आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए नेशनल रूफटाप सोलर पोर्टल (पीएम सूर्य घर) पर आनलाइन आवेदन करना होता है। आवेदक को बिजली बिल से संबंधित जानकारी भरनी होती है। इसके बाद फिजिबिलिटी रिपोर्ट जारी होती है।
स्वीकृति मिलने पर अधिकृत इंस्टालर के माध्यम से सोलर पैनल लगवाए जा सकते हैं। इसके लिए बैंक छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण भी उपलब्ध करा रहे हैं। आवेदन के करीब तीन महीने में पैनल स्थापित हो जाते हैं।
सब्सिडी से कम हो रहा खर्च
योजना के तहत सोलर पैनल की क्षमता के अनुसार सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट के प्लांट की लागत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है, जिसमें लाभार्थी को लगभग 15 हजार रुपये खर्च करने होते हैं।
दो किलोवाट पर करीब 90 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 1.08 लाख रुपये तक सब्सिडी मिलती है। इससे सोलर पैनल लगवाने का शुरुआती खर्च कम हो रहा है और परिवार बिजली के खर्च में बचत की उम्मीद के साथ सौर ऊर्जा अपना रहे हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

