बुलेटप्रूफ गाड़ी में पैतृक गांव पहुंचे अमृतपाल सिंह, दादी के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल; गांव में 800 पुलिसकर्मी तैनात

4.2kViews
1144 Shares

पंजाब से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव पहुंच गए हैं। अमृतपाल सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच बुलेटप्रूफ पुलिस वाहन से गांव लाया गया। उनके पहुंचने से पहले ही पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई थी। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

दरअसल, अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। वह 84 वर्ष की थीं। अमृतपाल सिंह के असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद होने के कारण परिवार ने उनके अंतिम संस्कार को रोककर रखा था, ताकि वह अपनी दादी के अंतिम दर्शन कर सकें और अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।

इसके बाद परिवार की ओर से अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। अमृतसर की अदालत ने 21 नवंबर को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल देने की अनुमति दी। अदालत के आदेश के मुताबिक, अमृतपाल सिंह को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रहने की अनुमति दी गई है।

अमृतपाल सिंह को शुक्रवार को असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था। इसके बाद शनिवार सुबह उन्हें दिल्ली से अमृतसर पहुंचाया गया। वहां से पंजाब पुलिस की सुरक्षा में उन्हें उनके पैतृक गांव ले जाया गया। इस दौरान बुलेटप्रूफ पुलिस वाहन का इस्तेमाल किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *