अमृतसर में कौमी एकता की अनूठी मिसाल, सिख परिवार ने छठ व्रतियों के लिए बनवाया 150 फीट लंबा सरोवर

3.6kViews
1846 Shares

गुरुओं की नगरी अमृतसर में रविवार को छठ पर्व की आस्था के साथ पंजाब के अपनेपन और भाईचारे की एक ऐसी मिसाल भी देखने को मिली, जिसने बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर यहां बसे लोगों के दिल जीत लिए। सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए जब छठ व्रतियों को पानी से भरे सरोवर की जरूरत थी, तब एक सिख परिवार ने आगे आकर उनकी यह चिंता अपनी समझी। न कोई सरकारी इंतजाम का इंतजार और न किसी से मदद की उम्मीद।

उद्यमी बलदेव सिंह कंडा और उनकी पत्नी नीलम कंडा ने अपने खर्च पर खाली प्लाट को सरोवर का रूप दे दिया, ताकि छठ व्रती पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ अपना पर्व मना सकें। सुल्तानविंड नहर के पास तैयार करवाया गया यह सरोवर 150 फीट लंबा, 25 फीट चौड़ा और सात फीट गहरा है।

परिवार ने जेसीबी मशीन से पहले प्लाट की सफाई करवाई और फिर खुदाई करवाकर उसे जलाशय का रूप दिया। इसमें सबमर्सिबल पंप के माध्यम से पानी भी भरवाया गया, ताकि व्रतियों को सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।

सरोवर बनवाने में सहयोग करने वाला परिवार।

कंडा परिवार के सहयोग की सराहना

उत्तर प्रदेश बिहार कल्याण परिषद के महासचिव राम भवन गोस्वामी, वरिष्ठ उपप्रधान सुखदेव पाल, उपप्रधान संतोष सिंह गांधी और उनके साथियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में छठ पर्व के आयोजन के लिए उपयुक्त जलाशय की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती है।

खासकर उन लोगों के लिए, जो अपने घरों से दूर पंजाब में रहकर इस पर्व को अपनी परंपरा और पूरी आस्था के साथ मनाते हैं। ऐसे समय में कंडा परिवार का आगे आना उनके लिए केवल एक सुविधा उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि अपनेपन का एहसास करवाना है।

धार्मिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल

बलदेव सिंह कंडा और नीलम कंडा का कहना है कि अमृतसर गुरुओं की नगरी है। यहां हर धर्म और समुदाय के लोगों को बराबर सम्मान मिलता है। पर्व और त्योहार ही वह अवसर होते हैं, जब एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। उनका उद्देश्य केवल इतना था कि छठ पर्व मनाने वाले लोगों को अपने धार्मिक आयोजन के लिए किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस सेवा में कार सेवा वाले बाबा कश्मीर सिंह भूरीवाले ने भी योगदान दिया। उनकी ओर से पानी की व्यवस्था के लिए चार टैंकर भेजे गए। बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर अमृतसर में बसे लोगों के लिए यह सहयोग इस बात का भरोसा लेकर आया कि भले ही उनकी जन्मभूमि कहीं और हो, लेकिन उनकी आस्था और खुशियों में शामिल होने वाले लोग पंजाब भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *