जम्मू शिव मार्केट अग्निकांड: एक हफ्ते बाद पहुंचे उमर अब्दुल्ला, सिर्फ आश्वासन देकर लौटे; दुकानदार मायूस
जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिव मार्केट में भीषण अग्निकांड के ठीक एक हफ्ते बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सोमवार को मौके का जायजा लेने पहुंचे। सोमवार दोपहर को जब मुख्यमंत्री के शिव मार्केट पहुंचने की खबर क्षेत्रीय दुकानदारों को मिली तो उन्हें लगा कि शायद आज मुख्यमंत्री उनके लिए कोई राहत भरी घोषणा कर जाएंगे क्योंकि दुकानदारों को लग रहा था कि उनके उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी व अन्य मंत्री-नेता पहले आकर जायजा ले चुके हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट भी दी होगी।
अग्निकांड की इस घटना से मार्केट की 30 दुकानें जलकर राख हो गई थीं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और उनकी आजीविका भी प्रभावित हुई है।
अग्निकांड पीड़ित व्यापारियों से मिले मुख्यमंत्री
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानदारों से बातचीत कर हुए नुकसान तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आग से हुए नुकसान और व्यापारियों को पेश आ रही परेशानियों पर चिंता जताई। इस दौरान चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने मुख्यमंत्री को अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों के नुकसान की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने दुकानों, सामान और अन्य व्यावसायिक संपत्तियों को हुए नुकसान से अवगत करवाते हुए प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं और चिंता को भी सामने रखा। मुख्यमंत्री ने प्रभावित दुकानदारों की बात सुनने के बाद आश्वासन दिया कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ है तथा उन्हें राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि वे इस नुकसान से उबरकर अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण मंत्री अली मोहम्मद सागर, आयुक्त सचिव एम राजू सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
अग्निकांड पीड़ितों के लिए मांगी 10 लाख की सहायता
चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री, जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता ने बताया कि हर पीड़ित दुकानदार को कम से कम दस लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलनी चाहिए। आज मुख्यमंत्री ने शिव मार्केट का दौरा किया है और उन्होंने स्वयं महसूस किया है कि दुकानदारों को कितनी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने दो दिन बाद उनसे फिर मुलाकात करने की बात कही है। मुझे पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस अग्निकांड की घटना को विशेष घटना मानकर दुकानदारों की मदद अवश्य करेंगे।
व्यापारियों में निराशा
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट, जम्मू के प्रधान दीपक गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री आए थे तो उन्हें राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए थी। पिछले एक हफ्ते के दौरान उनके मंत्री शिव मार्केट का दौरा करके नुकसान का जायजा ले चुके थे और मुझे पूरा यकीन है कि उन्होंने मुख्यमंत्री को सारी बात बताई भी होगी।
ऐसे में सारी स्थिति की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री पहुंचे और कोई घोषणा करके नहीं गए जिससे दुकानदारों व जम्मू के आम व्यापारियों में निराशा है। अगर आज मुख्यमंत्री कोई घोषणा करते तो इन पीड़ित दुकानदारों की दिवाली भी कुछ रोशन होती।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

