पुणे की एयर होस्टेस की बालाघाट के जंगल में लूट के बाद हत्या, दोस्त के साथ घूमने निकली थी; दो राज्यों की पुलिस जांच में जुटी
मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर वैनगंगा नदी के किनारे एक एयर होस्टेस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। खैरी और अर्जुनी गांव के बीच शिव मंदिर के पीछे सागौन के जंगल में 35 वर्षीय वर्षा तुरकर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वर्षा पुणे में एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत थीं और दीपावली पर अपने जीजा के घर आई हुई थी। उनके साथ मौजूद मित्र ने नकाबपोश बदमाशों द्वारा चाकू से हमला कर लूटपाट किए जाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे और घायल वर्षा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरलांजी ले गए। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नकदी-जेवर लूटने का दावा
नितेश अग्रवाल के मुताबिक, हमलावर 40 हजार रुपये नकद, सोने के कड़े और हार लूटकर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर खैरलांजी पुलिस ने नितेश को पूछताछ के लिए रोका। पुलिस उसके बयान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद वर्षा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वर्षा के दो बच्चे हैं, जबकि उनके पति इंदौर में एक एयरलाइन कंपनी में काम करते हैं।
दो राज्यों की पुलिस जांच में जुटी
जिस स्थान पर वर्षा का शव मिला है, वह महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र में आता है। इसलिए मामले की मुख्य विवेचना महाराष्ट्र पुलिस कर रही है। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मध्य प्रदेश के खैरलांजी और महाराष्ट्र के दवनीवाड़ा थाने की पुलिस आपसी समन्वय से जांच कर रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

