हरियाणा के NCR इलाकों में धूल वाली तोड़फोड़ और खुले निर्माण पर लगी रोक, 20 नवंबर तक प्रशासन सख्त

8.0kViews
1431 Shares

 एनसीआर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 20 नवंबर तक अतिरिक्त एहतियाती उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवधि में धूल उत्पन्न करने वाली तोड़फोड़ और खुले में निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित छूट वाली गतिविधियों को छोड़कर अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक सुनिश्चित की जाएगी।

डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देशों का प्रभावी पालन कराने को कहा। उन्होंने बताया कि एनसीआर में ग्रेप-3 के तहत भी प्रदूषण नियंत्रण के उपाय लागू हैं। सभी विभाग अपने क्षेत्राधिकार में इन्हें गंभीरता से लागू करें। प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने आगामी 20 नवंबर तक प्रतिबंधित निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर निगरानी, नियमित निरीक्षण और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त कर्मचारियों और मशीनरी की तैनाती पर भी जोर दिया।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़ के क्षेत्रीय अधिकारी को औद्योगिक इकाइयों और प्रदूषणकारी गतिविधियों का सघन निरीक्षण करने को कहा गया। औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों के प्रदूषण, सड़कों की धूल और खुले में कूड़ा-कचरा या बायोमास जलाने पर निगरानी रखी जाएगी। नियम तोड़ने वाली इकाइयों और लोगों पर कार्रवाई होगी।

सड़कों की धूल रोकने के लिए एंटी स्माग गन और पानी के छिड़काव की व्यवस्था

सड़कों की धूल रोकने के लिए एंटी स्मॉग गन और पानी के छिड़काव की व्यवस्था करने तथा निर्माण स्थलों पर धूल फैलने से रोकने के उपाय करने के निर्देश दिए गए।

कूड़ा और फसल अवशेष जलाने वालों पर नजर रखी जाएगी। उल्लंघन पर चालान और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

खुले में कूड़ा न डालने या जलाने की अपील

डीसी ने नागरिकों से पीयूसी प्रमाणपत्र अपडेट रखने, लाल बत्ती पर इंजन बंद करने, वाहनों का रखरखाव करने और खुले में कूड़ा न डालने या जलाने की अपील की। उन्होंने पौधे लगाने और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियां अपनाने का भी आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *