बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर दो बाइक की टक्‍कर, छठ के ल‍िए खरीदारी करने निकले युवक की मौत; दूसरा वाराणसी रेफर

3.5kViews
1879 Shares

छठ पर्व की खरीदारी करने निकले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हादसा बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर इटाढ़ी थाना क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र (उपग्रिड) के समीप दो बाइक की आमने-सामने की तेज रफ्तार भिड़ंत में हुआ।

मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी महादेव कुशवाहा के बड़े पुत्र रवि कुशवाहा (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर हुआ हादसा

वहीं, गंभीर रूप से घायल इटाढ़ी निवासी विकास कुमार को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अविवाहित रवि कुशवाहा दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह अपने एक दोस्त के साथ छठ पर्व की खरीदारी के लिए निकला था।

इसी दौरान दूसरी दिशा से किसी जरूरी काम से इटाढ़ी की ओर जा रहे विकास कुमार की बाइक से विद्युत उपकेंद्र के समीप उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

घटना के काफी देर बाद परिवार को हुई जानकारी

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया।

सदर अस्पताल में भर्ती विकास कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। युवक के परिवार को इसकी जानकारी घटना के काफी देर बाद हो सकी। छठ पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *