बिहार में BJP जिला उपाध्यक्ष का पति घर में चला रहा था मिनी गन फैक्ट्री, गिरफ्तारी के बाद जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

2.6kViews
1821 Shares

 हार्डवेयर दुकान की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री चलाने के आरोप में जितेंद्र विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक चर्चा में आ गया है।

इसकी वजह यह है कि गिरफ्तार जितेंद्र की पत्नी वंदना कुमारी भाजपा की जिला उपाध्यक्ष हैं। शहर के बुधौली मोहल्ले में हुई पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भाजपा के स्थानीय संगठन को भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी है।

भाजपा की जिलाध्यक्ष रेशमा भारती ने कहा कि वंदना कुमारी पार्टी में जिला उपाध्यक्ष हैं, लेकिन उनके पति क्या गतिविधियां कर रहे थे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।

जिलाध्यक्ष के इस बयान से पार्टी ने आरोपित के कथित अवैध हथियार निर्माण के कारोबार से खुद को अलग रखा है।

पति की गिरफ्तारी के बाद चर्चा में आया राजनीतिक संबंध

पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम डीआईओ टीम और शेखपुरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जितेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था।

उसके घर में हार्डवेयर की दुकान की आड़ में अवैध हथियार बनाने का काम किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक अर्धनिर्मित पिस्तौल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली करीब 32 प्रकार की सामग्री के 80 पार्ट-पुर्जे बरामद किए गए।

इनमें रेती, स्प्रिंग, गैस सिलेंडर और ड्रिल बेस मशीन समेत कई उपकरण शामिल हैं।

तीन महीने पहले शुरू किया था हथियार बनाने का काम

प्रारंभिक पूछताछ में जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले हथियार बनाने का काम शुरू किया था।

उसने अपने हाथ से तैयार एक पिस्तौल बिहारशरीफ के मनोज कुमार नामक व्यक्ति को बेचने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब कथित खरीदार और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपित का संबंध मुंगेर से भी सामने आया है। उसका ससुराल मुंगेर में है।

पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि हथियार बनाने के लिए उसे कहीं से तकनीकी जानकारी, कच्चा माल या अन्य सहयोग तो नहीं मिल रहा था।

बुधौली में पहले भी पकड़ी गई थी मिनी गन फैक्ट्री

बुधौली बाजार में कुछ वर्ष पहले भी पुलिस ने इसी तरह की मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया था। अब उसी इलाके में दोबारा अवैध हथियार निर्माण का मामला सामने आने से पुलिस की निगरानी और हथियारों के स्थानीय नेटवर्क की पड़ताल का सवाल भी अहम हो गया है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार जितेंद्र से पूछताछ के आधार पर हथियार निर्माण और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *