जमीन विवाद को लेकर मयूरहंड थाना क्षेत्र के पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह सोमवार को करमा स्थित करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए।
टावर के ऊपर पहुंचकर उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उनकी जमीन से संबंधित समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वह वहीं से कूदकर जान दे देंगे।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन व पुलिस को दी। मनोरंजन सिंह का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर वह लंबे समय से परेशान हैं।
उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का उचित समाधान नहीं हो सका। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
टावर पर चढ़े मनोरंजन को नीचे उतारने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मनोरंजन सिंह को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए।
घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी सतर्कता बरती।
हजारीबाग के बाद चतरा में दूसरा मामला
बताया जा रहा है कि हजारीबाग के बाद चतरा जिले के मयूरहंड अंचल में जमीन विवाद को लेकर किसी व्यक्ति के मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का यह मामला सामने आया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

