छठ की आस्था और पत्नी के त्याग की मिसाल, पटना की व‍िभा ने किडनी देकर बचाई पति की जान; 10 साल से निभा रहीं मन्नत

1355 Shares

 छठ महापर्व आस्था और उपासना के साथ त्याग, समर्पण और अटूट प्रेम का भी प्रतीक है।

खगौल के सैदपुरा निवासी 34 वर्षीय सत्यकाम सहाय और उनकी पत्नी विभा सिन्हा की कहानी इसकी मार्मिक मिसाल है। दस साल पहले पति की दोनों किडनी फेल हो गई थीं।

उनकी जान बचाने के लिए विभा ने अपनी एक किडनी दान कर दी। उस कठिन दौर में उन्होंने छठी मैया से पति के सुहाग की सलामती की मन्नत मांगी थी। आज पति स्वस्थ हैं और विभा हर साल पूरे नियम-निष्ठा और उल्लास के साथ छठ व्रत करती हैं।

पत‍ि की हालत देखकर ल‍िया अपनी क‍िडनी देने का फैसला
सत्यकाम सहाय पत्नी और बेटी के साथ खुशहाल जीवन बिता रहे थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिली तो बड़े अस्पताल में जांच कराई गई।

पता चला कि उनकी दोनों किडनी काम करना बंद कर चुकी हैं। डॉक्टरों ने जान बचाने के लिए किडनी प्रत्यारोपण को जरूरी बताया। परिवार के सामने किडनी की व्यवस्था करने और इलाज की लंबी प्रक्रिया पूरी करने की चुनौती थी।

लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान पति की हालत देखकर विभा बेहद परेशान थीं। पति के सिरहाने बैठकर उन्होंने छठी मैया से उनकी जिंदगी बचाने की प्रार्थना की।

विभा ने संकल्प लिया कि पति स्वस्थ हो गए तो वह जीवनभर हर साल पूरी श्रद्धा से छठ व्रत करेंगी। उनके मुताबिक, उसी रात सपने में उन्हें पति को किडनी दान करने का संकेत मिला। अगली सुबह उन्होंने डॉक्टरों से अपनी जांच कराने और किडनी देने की इच्छा जताई।

जांच में दोनों का ब्लड ग्रुप मेल खा गया। इसके बाद विभा ने अपनी एक किडनी पति को दान कर दी। प्रत्यारोपण सफल रहा।

एक ही अस्पताल में अगल-बगल के बिस्तरों पर भर्ती पति-पत्नी के लिए यह जिंदगी का बेहद कठिन और भावुक दौर था। धीरे-धीरे सत्यकाम की सेहत सुधरी और परिवार में फिर खुशियां लौट आईं।

मन्नत की याद में हर साल करती हैं छठ

इस घटना को दस साल बीत चुके हैं। सत्यकाम स्वस्थ हैं और परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहे हैं। विभा आज भी उसी श्रद्धा और संकल्प के साथ छठ महापर्व करती हैं।

इस अवसर पर वह विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों के साथ मायके और परिवार के अन्य सदस्यों को भी आमंत्रित करती हैं। पूरा परिवार मिलकर भगवान भास्कर और छठी मैया की आराधना करता है।

विभा के लिए छठ सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि उस मुश्किल दौर की याद है, जब आस्था ने उन्हें उम्मीद और साहस दिया था। पति को नया जीवन मिलने के बाद हर साल की पूजा उनके उसी संकल्प और कृतज्ञता का प्रतीक बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *