छठ पर्व की खुशियां चार परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के समीप शनिवार देर रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
इस हादसे में कार सवार चार दोस्तों 22 वर्षीय कुनाल, 23 वर्षीय धनंजय पटेल, 24 वर्षीय अभिषेक पटेल और गोलू ठाकुर की मौत हो गई।चारों युवक गौवापार के करूमपुरा से कार लेकर नगरा आए थे। देर रात घर लौटते समय निछुवाडीह के पास दैत्यराज बाबा स्थल के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
गौवापार कुरूमपुरा के अभिषेक पटेल नोएडा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह दिपावली से चार दिन पहले ही घर आया था।यही नहीं, छठ के लिए एक दिन पहले ही सामान भी खरीदा था। धनतेरस के दिन उसने बलिया से ब्रेजा कार भी खरीदी थी।
शनिवार को सुबह में अपने गांव के बगल के जमुआंव निवासी संतोष को उसने अपनी ब्रेजा कार दे दी, जबकि उसकी फाक्स वैगन कार लेकर अपने तीन दोस्तों के साथ नगरा के लिए घूमने निकला था। इसी वर्ष अप्रैल में ही अभिषेक की शादी हुई थी और वह माता-पिता का इकलौता संतान था। छठ बाद वह नोएडा के लिए लौटने वाला था लेकिन हादसे में उसकी मौत हो गई।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

