कर्नाटक: हरंगी बैकवाटर्स में नाव पलटने से गुजरात के दंपती की डूबकर मौत, दोनों बच्चों को किया गया रेस्क्यू
गुजरात से परिवार कर्नाटक छुट्टी मानने के लिए आया, लेकिन परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई जब नाव से घूमने के दौरान वो नाव पलट गई। इस हादमें में पति-पत्नी की मौत हो गई, लेकिन उनके बच्चों को बचा लिया गया।
गुजरात के सूरत के आया था परिवार
मृतकों की पहचान धर्मेश (50) और उनकी पत्नी निम्मी (48) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वे गुजरात के सूरत के रहने वाले थे। उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी को इस हादसे में बचा लिया गया। बेटे की उम्र 21 और बेटी की उम्र 24 साल बताई जा रही है।
बोटिंग करने के दौरान पहन रखी थी लाइफ जैकेट
पुलिस के मुताबिक, यह परिवार शुक्रवार शाम को इलाके में एक निजी कंपनी द्वारा चलाई जा रही वॉटर एडवेंचर गतिविधियों के तहत बोटिंग करने गया था। नाव पलटने के समय चारों लोगों ने लाइफ जैकेट पहनी हुई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति संभवतः पलटी हुई नाव के नीचे फंस गए और डूब गए, जबकि उनके बच्चे पानी में गिर गए थे, जिन्हें बचा लिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कुशलनगर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में नाव चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

