आईफोन-बाइक के लिए 13 साल की लड़की ने दोस्तों के साथ मिलकर किया नाना का मर्डर, केरलम में खौफनाक मामला

1527 Shares

केरलम के करुवट्टा में 13 साल की एक लड़की ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर अपने नाना की हत्या को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि ऐसा उसने अपने लिए एक आईफोन और अपने दोस्त के लिए एक मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पैसे जुटाने के मकसद से किया था।

जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) में पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट के अनुसार, 740 पन्नों की चार्जशीट में चार नाबालिगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से दो की उम्र 17 साल, एक की 16 साल और लड़की की उम्र 13 साल है। पुलिस ने इसे एक दुर्लभ मामला बताया है क्योंकि चारों की उम्र 18 साल से कम है।

बुजुर्ग के मुंह में ठूंसा कपड़ा

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात तीनों लड़के बाथरूम की छत की टाइल हटाकर और वेंटिलेशन के रास्ते बुजुर्ग व्यक्ति के घर में दाखिल हुए। आरोप है कि उन्होंने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उनके चेहरे पर चादर दबा दी, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग के हाथों को उनकी जांघों से धोती से बांध दिया और पैरों को तौलिए से कस दिया।

चार्जशीट में कहा गया है कि उन्होंने बुजुर्ग को पैरों से कुचला और उनकी गर्दन व सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दौरान किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने घर से साढ़े चार सॉवरेन (लगभग 36 ग्राम) सोना चुरा लिया।

व्हाट्सएप कॉल पर दिखाई हत्या वाली जगह

यह वारदात 17 अगस्त को सामने आई और उसी दिन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। जांचकर्ताओं के अनुसार, लड़कों ने लड़की को व्हाट्सएप कॉल के जरिए हत्या वाली जगह दिखाई थी। आरोप है कि इस अपराध की योजना दो महीने पहले ही बना ली गई थी और आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के फोन से सारी चैट बरामद कर ली गई हैं। पुष्टि के लिए मेटा से जानकारी मांगी गई थी और इसकी रिपोर्ट जेजेबी को सौंपी जाएगी। चार्जशीट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के फोन से छह सिम कार्ड बरामद किए, जिनमें से एक सिम केवल हत्या के दिन ही एक्टिव था।

चार्जशीट में इसे एक सोची-समझी योजना के सबूत के तौर पर पेश किया गया है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से सिम की डिटेल निकाली गई। इस मामले में 87 गवाह, 98 दस्तावेज और 12 भौतिक साक्ष्य शामिल हैं। छह सीसीटीवी क्लिप को अहम सबूत माना गया है, जिनमें आरोपी हरिपाद रेलवे स्टेशन पर उतरते, घर पहुंचते और वारदात के बाद वहां से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

अभियोजन पक्ष ने मांग की है कि इन तीनों लड़कों पर बालिगों की तरह मुकदमा चलाया जाए। जेजेबी दोनों पक्षों को सुनने और अपराध की गंभीरता, आरोपी की सामाजिक पृष्ठभूमि तथा उसकी मानसिक स्थिति की जांच करने के बाद फैसला करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *