हजारों किलोमीटर की उड़ान भर चंडीगढ़ पहुंचे ‘विदेशी मेहमान’, देखने हैं तो सुखना और धनास लेक पर पहुंचें

4.5kViews
1050 Shares

 हिमालय की चोटियों पर बर्फ जमने और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू होने के साथ ही प्रवासी पक्षियों ने मैदानी इलाकों का रुख करना शुरू कर दिया है। सर्दियों में चंडीगढ़ की सुखना लेक और धनास लेक इन पक्षियों के पसंदीदा ठिकानों में शामिल रहती हैं।

साइबेरिया, मध्य एशिया, चीन, अफगानिस्तान और हिमालय के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से हजारों किलोमीटर की यात्रा कर ये विदेशी मेहमान सर्दियों के कई महीने शहर के जलाशयों में बिताते हैं।वन्यजीव विभाग ने पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास, भोजन और सुरक्षित विश्राम स्थल उपलब्ध कराने की तैयारी की है। सुखना लेक में पानी का स्तर अधिक होने पर भोजन तलाशने और आराम करने के लिए उथले स्थान कम रह जाते हैं।

ऐसे में पक्षियों के बैठने, धूप सेंकने और आराम के लिए पानी के ऊपर बांस से फ्लोटिंग आइलैंड बनाए जाते हैं। जलाशयों के आसपास अनुकूल वातावरण और सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाता है।

सुखना लेक में अक्टूबर से मार्च तक प्रवासी पक्षियों की गतिविधियां देखी जाती हैं। नवंबर से इनकी संख्या बढ़ने लगती है। कुछ प्रजातियां मार्च-अप्रैल तक यहां रुकती हैं और मौसम गर्म होने पर अपने मूल प्रजनन स्थलों की ओर लौट जाती हैं। बार-हेडेड गूज हिमालय की ऊंची पर्वत शृंखलाओं को पार कर यहां पहुंचते हैं।

पक्षियों के संरक्षण और उनकी संख्या में बदलाव पर नजर रखने के लिए वन एवं वन्यजीव विभाग ने वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सहयोग से सुखना वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी में मासिक बर्ड सर्वे कराने की योजना बनाई है।

इसमें पक्षियों की प्रजातियों, संख्या, आवास और मानवीय गतिविधियों के प्रभाव का अध्ययन होगा। विभाग की पहले कराई गई वन्यजीव गणना में सेंक्चुरी क्षेत्र में 132 से अधिक पक्षी प्रजातियां दर्ज की गई थीं।

सुखना लेक पर दिखने वाले प्रमुख प्रवासी पक्षी

बार-हेडेड गूज मध्य एशिया और तिब्बत क्षेत्र से आता है और हिमालय की ऊंची चोटियां पार करने के लिए जाना जाता है। रड्डी शेलडक (ब्राह्मणी बतख) नारंगी-भूरे रंग की होती है। नार्थर्न पिंटेल लंबी गर्दन और नुकीली पूंछ वाली बतख है।

काॅमन पोचार्ड पानी में गोता लगाकर भोजन तलाशती है, जबकि काॅमन टील छोटे आकार की प्रवासी बतख है। नाॅर्थर्न शोवलर की चोंच चौड़ी और चम्मच जैसी होती है। ग्रेलैग गूज और टफ्टेड डक भी सर्दियों में सुखना क्षेत्र में दिखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *