विधानसभा चुनाव-2027 के सियासी रण को लेकर कांग्रेस ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। चुनाव से ठीक पहले संगठन में बदलाव को लेकर कयास पर शुक्रवार को विराम लग गया। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में संगठन में नए नेतृत्व के बजाय मौजूदा जिला और महानगर अध्यक्षों को ही दोबारा जिम्मेदारी सौंपने का फैसला लिया गया है।
विधानसभा चुनाव तक पार्टी की कमान मिलने के तुरंत बाद जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने संगठन की नई रूपरेखा बनानी शुरू कर दी। कहा कि एक माह तक संगठन सृजन अभियान के जरिए ब्लाॅक, तहसील और जिला स्तर पर निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में सभी जिले के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
पार्टी ने चुनाव से ठीक पहले जिलों में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रहे कयास को खत्म करने की बात कही। कहा कि सभी वर्तमान जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष विधानसभा चुनाव तक बने रहेंगे।
राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो नए जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के निर्णय पर पार्टी के अंदर गुटबाजी और अलग-अलग धड़ों में असंतोष की भावना सामने आती। इससे बचने के लिए पार्टी ने निवर्तमान जिला व महानगर अध्यक्ष को बरकरार रखने का निर्णय लिया है।
सपा से गठबंधन में दावेदारी की भी परीक्षा
कांग्रेस की चुनावी रणनीति का सबसे अहम पहलू समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन है। विधानसभा- 2027 के चुनाव में दोनों दलों के बीच गठबंधन की स्थिति और सीटों का बंटवारा अभी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में कांग्रेस सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने की तैयारी करने की बात कह रही है।
इसका राजनीतिक उद्देश्य केवल अपने प्रत्याशियों के लिए जमीन तैयार करने के साथ गठबंधन की स्थिति में भी अपनी संगठनात्मक उपयोगिता साबित करना कहा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष-2022 में कांग्रेस ने जिले के सभी नौ सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारे थे।
पुराने चेहरों के सामने प्रदर्शन साबित करने की चुनौती
जिला और महानगर अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी देने के फैसले से बरेली में संगठनात्मक नेतृत्व की तस्वीर फिलहाल स्पष्ट हो गई है। अब अशफाक सकलैनी और दिनेश दद्दा के सामने पार्टी के परंपरागत वोट बैंक को फिर जोड़ने, दूसरे दलों से नाराज नेताओं को अपने पाले में लाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने की चुनौती होगी। साथ ही भाजपा के विरुद्ध स्थानीय मुद्दों को लेकर भी मुखरित होना पड़ेगा।
प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में वार रूम, विधिक विभाग, मीडिया और इंटरनेट मीडिया की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने वर्तमान जिला व महानगर अध्यक्ष के अगुआई में ही आगामी विधानसभा चुनाव में जाने की बात कही गई है। शीर्ष नेतृत्व से भरोसा मिलने के बाद अब जिले में एक माह तक संगठन सृजन अभियान चलाकर निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर कर नए ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

