नेपाल में बड़ा सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी इलेक्ट्रिक वैन, 10 लोगों की मौत

2.6kViews

नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी के पास एक यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई वहीं चार अन्य घायल हो गए।जिले में तैनात सशस्त्र पुलिस बल (APF) के पुलिस अधीक्षक निवान कुमार खड़का ने बताया, ‘मृतकों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। गुरुवार सुबह वैन भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी इलाके में सड़क से लगभग 700 मीटर नीचे जा गिरा। घायलों में से दो की हालत गंभीर है।’

खड़का ने कहा, ‘घटनास्थल के आसपास 12 शव बिखरे हुए थे, जिनमें से 10 लोगों की मौत की तुरंत पुष्टि हो गई।’ उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

नेपाल पुलिस के अनुसार, 2025-26 के वित्तीय वर्ष (जो जुलाई के मध्य में समाप्त हुआ) के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 2,707 लोगों की जान गई। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हर दिन औसतन सात लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत होती है और 82 लोग घायल होते हैं।

2007 के बाद से तीन गुना बढ़े सड़क हादसे

नेपाल में विश्व बैंक के एक अध्ययन से पता चला है कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाला आर्थिक नुकसान 2007 के बाद से तीन गुना बढ़ गया है, जो देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP) के 1.5 प्रतिशत के बराबर है।

सड़क दुर्घटनाओं का गरीब समुदायों पर बहुत बुरा और बड़ा असर पड़ता है। विश्व बैंक के अनुसार, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों में 70 प्रतिशत से अधिक वे लोग हैं जो सड़क पर सबसे ज्यादा असुरक्षित होते हैं, जिनमें पैदल चलने वाले, साइकिल सवार और मोटरसाइकिल सवार शामिल हैं।

नेपाल पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, देश में यातायात नियमों के उल्लंघन में सबसे आम मामला तय सीमा से अधिक तेज़ गति से गाड़ी चलाना है; इसके बाद चालकों की लापरवाही और बिना लाइसेंस के वाहन चलाना आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *