यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले बस्ती जिले की राजनीति में पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से जिले की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बुधवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कुर्मी मतदाताओं को साधने की रणनीति
उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुर्मी समाज का अपना महत्वपूर्ण स्थान है। पूर्वांचल के बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और आसपास के जिलों में इस समाज का राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। भाजपा लंबे समय से इस सामाजिक आधार को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बस्ती सीट पर सपा के रामप्रसाद चौधरी ने भाजपा के हरीश द्विवेदी को पराजित किया था। इस चुनाव में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं का समर्थन सपा के लिए महत्वपूर्ण माना गया था। अब रामप्रसाद चौधरी के परिवार से जुड़े पूर्व सांसद अरविंद चौधरी का भाजपा में जाना सपा के लिए राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
यादव-कुर्मी समीकरण पर भी रहेगी नजर
बस्ती की राजनीति में कुर्मी और यादव मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। समाजवादी पार्टी को इन दोनों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ का लाभ मिलता रहा है। रामप्रसाद चौधरी के नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव को भी सपा के इसी सामाजिक समीकरण से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में अरविंद चौधरी का भाजपा में शामिल होना सपा के लिए परिवार के भीतर से राजनीतिक चुनौती पैदा करने वाला घटनाक्रम है।
अरविंद चौधरी का राजनीतिक सफर
अरविंद कुमार चौधरी का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर बस्ती संसदीय सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। उन्होंने तत्कालीन सपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह को पराजित किया था। इस जीत के साथ वह 15वीं लोकसभा के सदस्य बने और वर्ष 2009 से 2014 तक बस्ती का प्रतिनिधित्व किया।वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने बस्ती से उनकी जगह उनके चाचा रामप्रसाद चौधरी को प्रत्याशी बनाया। इसके बाद अरविंद चौधरी की सक्रियता और राजनीतिक भूमिका को लेकर अलग-अलग दौर में चर्चाएं होती रहीं। वर्ष 2020 के आसपास रामप्रसाद चौधरी के साथ उनका राजनीतिक जुड़ाव समाजवादी पार्टी की ओर हुआ। अब विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। वह भाजपा ज्वाइंनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह तथा दयाशंकर सिंह, स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में शामिल हुए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

