समस्तीपुर में स्नातक पार्ट वन के छात्र की संदिग्ध स्थिति में मौत, ग्राउंड में मिला शव; नाक-मुंह से निकल रहा था खून

छठ पर्व की खुशियों के बीच समस्तीपुर शहर के पीएनटी कालोनी और बारह पत्थर मोहल्ले में बुधवार की रात एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

उसका शव रश्मि ग्राउंड में अचेत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव निवासी अनिमेष कुमार के 20 वर्षीय पुत्र आकाश दीप के रूप में हुई है।

वह स्नातक पार्ट वन का छात्र था। उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। स्वजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

शाम चार बजे आया था शहर

स्वजन ने बताया कि आकाश बुधवार की शाम करीब चार बजे छठ का सामान खरीदने शहर आया था। रात में एक व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी कि वह रश्मि ग्राउंड में अचेत अवस्था में पड़ा है।

सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। वहां आकाश के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। स्वजन ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

स्वजन को सौंपा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

आकाश ने शहर के ही एक निजी संस्थान से 12वीं की पढ़ाई की थी। स्वजन का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

अपर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि छात्र की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रथमदृष्टया मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सूखे नशे के धंधे की भी चर्चा

इधर, मोहल्ले में छात्र की मौत के पीछे सूखे नशे की आशंका को लेकर भी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस इलाके में लंबे समय से सूखे नशे का अवैध कारोबार चल रहा है।

उनका कहना है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई युवाओं की इसी तरह जान जा चुकी है। हालांकि, आकाश की मौत का सूखे नशे से कोई संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

छठ पर्व के बीच परिवार के होनहार बेटे की मौत से घर में मातम पसरा है। पर्व की तैयारियां और खुशियां अचानक गम में बदल गईं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *