पहाड़ में सड़क और पुल का अभाव किस तरह रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करता है, इसकी मिसाल रामगंगा किनारे बसे कालापैर कापड़ी के ग्रामीणों ने पेश की है। वर्षों से स्थायी पुल की मांग कर रहे ग्रामीणों ने व्यवस्था से राहत न मिलने पर खुद नदी के दोनों किनारों को जोड़ने की पहल की। दिन श्रमदान कर लकड़ी का अस्थायी पुल बनाया, जिसके सहारे अब वे नदी पार कर रहे हैं। कालापैर कापड़ी को नाचनी और तेजम क्षेत्र से जोड़ने वाला झूला पुल ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख जरिया था। ग्रामीण दीपू कोरंगा के अनुसार, पुल का निर्माण 2017 में हुआ था। 2024 में इसका साइड पिलर गिर गया और पुल रामगंगा नदी में समा गया।
नदी पार करना जोखिम भरा
तब से ग्रामीण स्थायी पुल का इंतजार कर रहे हैं। नदी पर दूसरा पुल मौजूद है, लेकिन दोनों के बीच करीब छह किलोमीटर की दूरी होने से ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। नदी के दूसरी ओर स्थित नाचनी बाजार ग्रामीणों की खरीदारी, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख केंद्र है। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद नदी पार करना जोखिम भरा हो गया।
पहले ट्राली से आवागमन की व्यवस्था की गई, लेकिन परेशानी बनी रही। ग्राम प्रधान नंदन सिंह, त्रिलोक सिंह कोरंगा, उमेद सिंह, चंदू कोरंगा, पुष्कर मेहता, उमेद सिंह कोरंगा, चंद्र सिंह, गोविंद कोरंगा, बहादुर सिंह, कुंदन सिंह, भूपेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, बल्लू कोरंगा, हयात सिंह, लक्ष्मण सिंह और राहुल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने अस्थायी पुल बनाया। उनका कहना है कि वर्षों की मांग के बावजूद स्थायी समाधान न मिलने पर यह कदम उठाना पड़ा।
23.38 करोड़ की डीपीआर, फिर भी पुल का इंतजार
रामगंगा पर बना भकुना-नाचनी झूला पुल जुलाई 2018 की आपदा में बह गया था। लोक निर्माण विभाग ने पुल के लिए करीब 23.38 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर तैयार की है। विश्व बैंक पोषित यू-प्रिपेयर परियोजना के तहत निर्माण प्रस्तावित है। ग्रामीणों ने शीघ्र काम शुरू कराने की मांग की है। इधर, विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि पुल के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। जल्द पुल का निर्माण प्रारंभ किया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

