काशी व‍िश्‍वनाथ मंद‍िर में अन्‍नकूट पर भोग-प्रसाद की बिखरी सुवास, अन्‍नपूर्णा के आशीष से भरा अन्‍न-धन का खजाना

1767 Shares

बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में अन्नकूट पर्व का उल्लास और भव्यता पूरे चरम पर मंगलवार को नजर आई। दीपावली के ठीक बाद मनाए जाने वाले इस पवित्र पर्व पर मंगलवार को काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और मां अन्नपूर्णा दरबार में अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिला।

पूरा मंदिर परिसर भोग-प्रसाद की सोंधी खुशबू और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। मां अन्नपूर्णा और बाबा विश्वनाथ के दरबार में सजे विशाल अन्नकूट के दर्शन के लिए अहले सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। काशी में अन्नकूट का पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह इस अटूट विश्वास का प्रतीक है कि माता अन्नपूर्णा की कृपा से इस पूरी नगरी में कभी भी अन्न और धन का अभाव नहीं हो सकता।

मंदिर के गर्भगृह से लेकर प्रांगण तक विभिन्न प्रकार के व्यंजनों, पारंपरिक पकवानों, मौसमी फलों और मिष्ठान्न का भव्य शृंगार किया गया। अन्नकूट महोत्सव के तहत बाबा विश्वनाथ को छप्पन भोग के साथ-साथ विभिन्न भोग प्रसादों से तैयार कलात्मक झांकियों का अर्पण किया गया। इस दौरान संपूर्ण मंदिर क्षेत्र में भोग-प्रसाद की भीनी-भीनी सुवास बिखर गई, जिसने यहाँ आने वाले हर श्रद्धालु को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मान्यता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को माता अन्नपूर्णा ने संपूर्ण संसार को भिक्षा प्रदान की थी, जिससे जगत कारण पोषण संभव हुआ। इसी प्रसंग के तहत मंदिर में भक्तों ने माँ से सुख, समृद्धि और आरोग्य का आशीर्वाद मांगा। मंदिर न्यास की ओर से आए पुजारियों ने बताया कि अन्नकूट का यह प्रसाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद के रूप में वितरित किया जा रहा है, जिसे प्राप्त करने के लिए देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। बाबा के दरबार में उमड़ी श्रद्धा की इस बयार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि काशी की संस्कृति और आस्था का यह संगम कितना जीवंत और अटूट है। अन्नपूर्णा के आशीष से सराबोर यह पावन पर्व काशीवासियों के जीवन में नई ऊर्जा और अन्न-धन के अक्षय भंडार की कामनाओं के साथ संपन्न हो रहा है।

द‍िवस व‍िशेष का आयोजन

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्री काशी विश्वनाथ धाम में अन्नकूट पर्व का अत्यंत भव्य और श्रद्धामय आयोजन संपन्न हुआ। अन्नकूट पर्व, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला यह पावन पर्व, अन्न की समृद्धि, अन्न सुरक्षा और कृतज्ञता की भावना का प्रतीक है। “अन्नकूट” पर्व प्रकृति और ईश्वर के प्रति आभार प्रकट करने की परंपरा का द्योतक है।

21 क्‍व‍िंंटल का भोग

श्री काशी विश्वनाथ धाम में आज के इस पावन अवसर पर भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव का श्रृंगार 21 क्विंटल विविध प्रकार की मिष्ठानों से किया गया। श्रृंगार हेतु जिन प्रमुख मिष्ठानों का उपयोग किया गया उनमें बूंदी लड्डू, मेवा लड्डू तथा अन्य पारंपरिक मिठाइयाँ प्रमुख रूप से सम्मिलित थीं। पूरे धाम परिसर को पुष्पों, दीपों और सुगंधित धूप से अलंकृत किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण हो उठा।

श‍िव पर‍िवार का पूजन

अन्नकूट पर्व के शुभ अवसर पर भगवान श्री विश्वनाथ, माता गौरी एवं गणेश जी की पंचबदन रजत चल-प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित महंत परिवार के आवास से प्रारंभ होकर शहनाई व् डमरू की मंगल ध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ गर्भगृह में उत्सव पूर्वक विराजमान हुई, जिसके पश्चात गर्भगृह में श्री विश्वनाथ जी की मध्याह्न भोग आरती विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न की गई। इस पावन अवसर पर श्री विश्वेश्वर को विभिन्न प्रकार के भोग भगवान को अर्पित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *