Rakshabandhan 2026: कलाई पर सजेगा स्वदेशी स्नेह, उत्तराखंड के बीजों से खिलेंगी राखियां

2.9kViews
1818 Shares

सुमित थपलियाल, देहरादून। इस रक्षाबंधन भाई की कलाई पर सिर्फ राखी नहीं, स्वदेशी हुनर और आत्मनिर्भरता का संदेश भी सजेगा। चीन निर्मित राखियों के विकल्प के तौर पर स्वयं सहायता समूहों और महिला समूहों की ओर से इस बार बीज, मोती, ऊन, पिरूल और ऐपण से आकर्षक राखियां तैयार की जा रही हैं। खास बात यह है कि इन राखियों में सजाए गए बीज बाद में मिट्टी में बोकर पौधे भी उगाए जा सकते हैं। यानी राखी का त्योहार खत्म होने के बाद भी इसका संदेश जमीन पर दिखाई देगा।

हरिद्वार बाईपास स्थित येलो हिल्स स्टोर में महिला उत्थान एवं बाल कल्याण संस्था की सात-आठ महिलाएं फूलों और सब्जियों के बीजों से सीड राखियां बना रही हैं। मक्का, राजमा, बींस, भिंडी, सूरजमुखी और भट्ट के बीजों को धागों से सजाकर राखियों को नया रूप दिया गया है। राखी का डिब्बा भी गत्ते से तैयार किया गया है, जिसे बाद में गमले के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें टीका, चावल, मोमबत्ती और दो चाकलेट भी रखे जा रहे हैं। राखियां संस्था की वेबसाइट से भी खरीदी जा सकती हैं।

विकासनगर के ग्राम फतेहपुर में जय माता दी ग्राम संगठन से जुड़े 10 से अधिक महिला समूह थाली और ऐपण राखी के साथ रंगीन चावल, वेलवेट कपड़े, गत्ते, रुद्राक्ष, मोती और ऊन से राखियां तैयार कर रहे हैं। महिला जागृति समूह की महिलाएं गांव में ही इन्हें बना रही हैं। 25 से 30 रुपये कीमत वाली इन राखियों की इस सप्ताह करीब 15 हजार रुपये की बिक्री हो चुकी है। महिलाओं के लिए यह महज मौसमी कारोबार नहीं, बल्कि अपने हुनर को बाजार तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर बनने की नई राह भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *