बहराइच में जलपरी शो के दौरान एक्वेरियम का शीशा टूटा, 10 बच्चे घायल; दो की हालत गंभीर

3.2kViews
1443 Shares

कस्बे में चल रहे तीन दिवसीय दादा मियां मेला में सोमवार देर रात बिना परमिशन के लगे जलपरी शो के एक्वेरियम का शीशा अचानक पानी के दबाव के चलते टूट गया । हादसे में करतब दिखा रही युवती और तीन बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए।

घायलों में दो की हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना से मेले में अफरा-तफरी मच गई। मामले में कमेटी अध्यक्ष समेत सात लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना को लेकर अब कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

फखरपुर में हर वर्ष तीन दिवसीय दादा मियां मेला का आयोजन किया जाता है। आयोजक द्वारा इसमें बिना परमिशन के जलपरी शो भी दिखाया जा रहा था। मेले के दूसरे दिन सोमवार रात गल्ला गोदाम परिसर में तीन मिनट के नाम से जलपरी शो भी दिखाया जा रहा था।

इस दौरान पानी भरे एक्वेरियम कई युवतियां करतब दिखा रहीं थीं। पानी का दबाव अधिक होने से अचानक एक्वेरियम का शीशा टूट गया।

इसकी चपेट में आकर करतब दिखा रही युवती समेत खालिदपुर निवासी 11 वर्षीय सादिक, 10 वर्षीय फहाद ,माधवपुर निवासी 10 वर्षीय अर्श, 28 वर्षीय कलीम, 30 वर्षीय कैसरुन समेत 10 लोग घायल हो गए। घायलों में सादिक और फहाद की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष राम कुमार राजभर ने बताया कि बिना परमिशन के शो का आयोजन किया जा रहा था, सुरक्षा व्यवस्था में रहे उपनिरीक्षक अनिल यादव की तहरीर पर हुजूरपुर के गाजीपुर शिवरहा निवासी चांद बाबू, कैसरगंज के एनी निवासी फैय्याज, बिहार बेतिया निवासी राहुल पटेल, शादाब, नदीम, रिजवान खान व मेला कमेटी अध्यक्ष वाजिद अली पर गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा गया।

अध्यक्ष बोले- नहीं थी परमिशन

कमेटी अध्यक्ष वाजिद अली ने बताया कि मेले में जलपरी का शो दिखाने वालों व झूला वालों ने कोई परमिशन नहीं ली थी। मेले की तरफ से भी कोई परमिशन नहीं दी गई थी। मेला कमेटी से उससे कोई लेना-देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *