दिल्ली के द्वारका में सज गया ‘स्वदेशी मेला’, देशभर के पारंपरिक उत्पाद, पकवान और सांस्कृतिक रंग बिखेर रहे छटा

7.7kViews
1478 Shares

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली में द्वारका सेक्टर-7 स्थित सीसीआरटी ग्राउंड में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और दिल्ली पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त सौजन्य से आयोजित हो रहे स्वदेशी मेले में भारतीय संस्कृति, स्वदेशी उत्पाद और विविधता भरे व्यंजनों का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।

वर्ष 2012 से हर साल आयोजित होने वाले स्वदेशी मेले देश के विभिन्न राज्यों के स्टाल सजाए गए हैं, जहां पारंपरिक हस्तशिल्प, कपड़े, रोजमर्रा के सामान और पकवान उपलब्ध हैं। यहां आने वाले लोग विदेशी उत्पादों को छोड़कर भारतीय कला और हुनर को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मेले के संयोजक महरौली जिला भाजपा अध्यक्ष रविंद्र सोलंकी ने बताया कि प्रतिदिन शाम छह बजे से मंच पर बच्चों की रंगारंग और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। मेले का विशेष आकर्षण सीमा सुरक्षा बल की छावला यूनिट का बैंड है, जिनकी देशभक्ति धुनों और वंदे मातरम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठता है।

मेला आयोजन से जुड़े नीलेंद्र पाठक बताते हैं कि तीन नवंबर तक चलने वाले इस मेले में स्वदेशी अपनाइए, देश का मान बढ़ाइए और स्वावलंबी भारत जैसे संदेशों को दर्शाती फोटो गैलरी भी आकर्षण का केंद्र है।

आयोजन को सुचारु रूप से चलाने के लिए 45 से अधिक वालंटियर्स, दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।

मेले में बास्केटबाल और कबड्डी सहित बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल आयोजन किया गया। विक्रम रावत और दिनेश कुमार के कुशल निर्देशन एवं बेहतर प्रबंधन में खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के समापन पर घोषित परिणामों के आधार पर विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *