बस्ती के जन औषधि केंद्रों पर दवाओं की भारी कमी, मरीज महंगी दवाएं खरीदने को मजबूर
जागरण संवाददाता, बस्ती। जिले में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र पर दवाओं की कमी भारी पड़ रही है। इसके चलते रोगी मेडिकल स्टोर से ब्रांडेड दवा लेने को विवश है। दवा महंगी होने के चलते उनकी जेब पर बोझ बढ़ गया है। दूसरी तरफ कम बिक्री के चलते संचालकों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
संचालकों का आरोप है कि चिकित्सक जेनरिक दवाओं की अपेक्षा ब्रांडेड ज्यादा लिख रहे हैं। इतना ही नहीं चिकित्सक को दिखाने के बाद जब रोगी निकलने लगते है तो कुछ लोग उन्हें मेडिकल स्टोर से दवा लेने के लिए प्रेरित करते है।
ऐसे में जन औषधि केंद्र पर उपलब्ध सस्ती दरों में दवाओं का लाभ रोगियों को नहीं मिल पा रहा है। बिक्री न होने से 13 जन औषधि केंद्र बंद हो गए हैं। जिले में मात्र नौ का ही संचालन हो रहा है।
महिला अस्पताल परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र में कई दवाओं की अनुपलब्धता है। आयरन, मल्टीविटामिन ड्राप, हड्डी दर्द व प्रोस्टेट की दवाएं नहीं है। ग्लाकोमेट जीपी-2, प्रोटीन पाउडर, सेनेटरी पैड, बच्चो का डाइपर भी नहीं है। ऐसे में यह दवाएं लेने पहुंचे रोगियों को निराश होना पड़ता है। वह मेडिकल स्टारे से दवा लेने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
बताया गया कि चिकित्सक जेनरिक दवाएं कम लिख रहे हैं। इसलिए केंद्र पर कम रोगी आते हैं। आइपीडी के प्रतिदिन चार से पांच पर्च आते हैं। यही हाल जिला अस्पताल में संचालित जन औषधि केंद्र का है। यहां भी सेनेटरी पैड, एस्टोकास्वि, एटोरवा प्लस एसीप्रिन75, अरर्टी व आइवी सेट, डाइपर, सैलिसिल्क एसिड फेसवाश, यूडीलिव, डेक्सोफिलिन 400 एमजी, डाइजीन सिरप, सिलोडोल डी-8, इट्राक्सिब नहीं उपलब्ध है।
बताया गया कि ओपीडी से चिकित्सक को दिखाने के बाद रोगियों को बाहर मेडिकल स्टोर की तरफ कुछ लोग दवा लेने के लिए गुमराह करके भेज देते हैं। इसकी वजह से कम लोग केंद्र पर दवा लेने पहुंच पाते हैं।
ब्रांडेड व जन औषधि केंद्रों की कीमतों में अंतर
जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध दवाओं की कीमत बाजार की दवाओं से काफी कम है। प्रोटीन पाउडर की कीमत औषधि केंद्र पर 204 रुपये है तो निजी बाजार में ब्रांडेड की कीमत 400 रुपये के आस पास है। आयरन ड्राप की कीमत केंद्र पर 20 रुपये है तो बाजार में 120 रुपये हैं।
मल्टीविटामिन ड्रॉप की कीमत औषधि केंद्र पर 15 रुपये है। यही ड्राप बाजार में 100 रुपये से अधिक है। ग्लाइकोमेट केंद्र पर 25 रुपये में है,तो बाजार में 150 रुपये इसकी कीमत है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

