महराजगंज में पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर भेजे 315 चालान, 197 वाहनों को किया सीज
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली उद्योग चौराहा, नगर तिराहा, नवीन सब्जी मंडी और हनुमानगढ़ी होते हुए यातायात कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।
प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी अभियान चलाकर वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पाट पर निगरानी बढ़ाने के साथ ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक रूपेश कुमार, यातायात निरीक्षक अरुणेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पहले दिन 197 वाहन सीज, 315 का चालान
महराजगंज में यातायात माह के पहले दिन जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 1153 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 197 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 315 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की हिदायत दी है।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक और व्यावसायिक वाहन चालकों को भी सुरक्षित परिवहन के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत पुलिस की ओर से सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने, गोल्डन आवर और नेक मददगार की भूमिका के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

