UP Chunav: ‘मांग पूरी नहीं तो वोट नहीं!’ संभल के 23 गांवों का बड़ा फैसला, विस चुनाव बहिष्कार की तैयारी

1656 Shares

 संभल जिले की नेकपुर न्याय पंचायत के 23 गांवों को अमरोहा में शामिल कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। दैनिक जागरण की ओर से शुरू की गई मुहिम को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों ने भी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के दरवाजे खटखटाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

शनिवार को नेकपुर मुख्तियारपुर स्थित शिव मंदिर में जनसंघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों की पंचायत हुई। इसमें सर्वसम्मति से आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया।

समिति के अध्यक्ष हरिराज सिंह ने कहा कि 23 गांवों के लोगों की समस्या को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से समझना चाहिए। लंबे समय से ग्रामीण नेकपुर न्याय पंचायत को अमरोहा में शामिल कराने की मांग कर रहे हैं।

मगर, अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जनप्रतिनिधियों ने चुनाव के समय न्याय पंचायत को अमरोहा में शामिल कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन चुनाव के बाद किसी ने इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाया।

कहा अब ग्रामीणों ने एकजुट होकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। बताया रविवार से गांव-गांव जाकर चुनाव बहिष्कार के पोस्टर लगाए जाएंगे।

ग्रामीणों ने कहा नेकपुर न्याय पंचायत के गांवों से अमरोहा की दूरी करीब 15 किलोमीटर है, जबकि संभल जिला मुख्यालय बहजोई पहुंचने के लिए करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। सरकारी और प्रशासनिक कार्यों के लिए इतनी लंबी दूरी तय करने में समय के साथ धन की भी बर्बादी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *