कश्मीरी हिंदुओं के लिए 1416 नए फ्लैट्स, LG मनोज सिन्हा ने किया उद्घाटन; अब तक 3800 कर्मचारियों को मिले घर

1055 Shares

हर कश्मीरी हिंदू परिवार को सम्मान, सुरक्षा और पूरे विश्वास के साथ घाटी लौटने का अवसर मिलना चाहिए। कश्मीरी हिंदुओं की मौजूदगी कश्मीर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। उनकी सम्मानजनक वापसी केवल एक समुदाय का पुनर्वास नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव और साझा विरासत को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

कश्मीरी हिंदुओं की घाटी में सम्मानजनक वापसी और पुनर्वास को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को श्रीनगर के जेवान में प्रधानमंत्री विकास पैकेज (पीएमडीपी-2015) के तहत तैयार 936 ट्रांजिट आवासों का उद्घाटन किया।इसी के साथ उन्होंने बडगाम के कंकरमल और कुपवाड़ा के तोहम बाग में बने आवासीय परिसरों का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। इस तरह एक ही दिन में उन्होंने कुल 1416 आवास कर्मचारियों को समर्पित किए गए।

सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत जम्मू-कश्मीर के 10 जिलों में 20 स्थानों पर कुल 6000 ट्रांजिट आवास बनाने की योजना है। इसके लिए 342 आवासीय ब्लॉक विकसित किए जा रहे हैं। शुरुआत में इस परियोजना के लिए 920 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1325 करोड़ रुपये कर दिया गया।

अब तक करीब 5200 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 3800 आवास पीएम पैकेज के तहत नियुक्त कर्मचारियों को आवंटित किए जा चुके हैं। उन्होंने माना कि वर्ष 2014 की बाढ़ सहित विभिन्न कारणों से परियोजना में देरी हुई, लेकिन अब इसे निर्धारित लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने दिसंबर तक पूरी परियोजना को पूरा करने की उम्मीद जताई।

जेवान में 936, कुपवाड़ा में 288 और बडगाम में 192 फ्लैट

जेवान में फरवरी 2023 में निर्माण शुरू हुआ था। यहां 39 ब्लॉकों में 936 आवास तैयार किए गए हैं और सभी आवंटित हो चुके हैं। परिसर में आंतरिक सड़कें, संपर्क मार्ग, चारदीवारी, सामुदायिक भवन और सुरक्षा कर्मियों के लिए आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लिफ्ट लगाने का शेष काम जल्द पूरा होगा।

कुपवाड़ा के तोहम बाग में 18 ब्लॉकों में 288 फ्लैट बनाए गए हैं, जिनमें से 242 आवंटित हैं। वहीं, बडगाम के कंकरमल में 192 फ्लैट हैं और 190 आवंटित किए जा चुके हैं। यहां 12 में से छह ब्लॉकों में लिफ्ट लगाई जा चुकी हैं।

उपराज्यपाल सिन्हा ने संबंधित विभागों को शेष निर्माण कार्य और बुनियादी सुविधाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से कहा कि आवासीय परिसरों में नियमित पानी की आपूर्ति, निर्बाध बिजली, पर्याप्त सुरक्षा और कचरा प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवासियों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

सिन्हा ने पीएम पैकेज के उन कर्मचारियों को भी हरसंभव सहायता का भरोसा दिया, जो अपना मकान बनाना चाहते हैं। उन्होंने इंजीनियरों, निर्माण श्रमिकों, लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों और जल शक्ति, केपीडीसीएल सहित संबंधित विभागों के योगदान की सराहना की।

अंत में उन्होंने लोगों से नफरत और विभाजन की भावना को छोड़कर आपसी सम्मान और भाईचारे का माहौल मजबूत करने की अपील की। उन्होंने लाभार्थी परिवारों को नए आवास मिलने पर बधाई देते हुए उनके सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सम्मानजनक भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *