अंबाला में ओवरलोड ट्राले ने नेशनल हाईवे पर मचाई तबाही, एक के बाद एक 9 वाहन टकराए; एक घंटा केबिन में फंसा रहा ड्राइवर
अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सुल्तानपुर बैरियर के पास पुराने पासपोर्ट कार्यालय के सामने ओवरलोड 12 टायर ट्राले ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। ट्राले की टक्कर से पहले हाईवे पर खड़ा एक ट्रक आगे चल रही कार से जा भिड़ा।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। हादसा उस समय हुआ जब दिल्ली की ओर से चंडीगढ़ जा रहा 12 टायर ट्राला सुल्तानपुर बैरियर के पास पहुंचा। यहां चौक के नजदीक एक ट्रक खड़ा था।
ट्राले ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रक आगे खड़ी कार से जा भिड़ा। इसके बाद पीछे और आसपास चल रहे वाहन भी एक-दूसरे से टकराते चले गए। अचानक हुए इस हादसे से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ब्लास्ट जैसे आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहनों में फंसे लोगों की मदद की। हादसा शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ।
ट्राला चालक पर नशे में होने का आरोप
हादसे में चोटिल हुए अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्राला चालक नशे की हालत में था और इसी कारण वह समय रहते ब्रेक नहीं लगा पाया। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने ट्राले के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई।
हालांकि, हादसे की असल वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घायल ट्राला चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव लखनौती निवासी रसीद के रूप में हुई है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्राला चालक के केबिन में फंसे होने के कारण उसे निकालने के लिए पुलिस को स्थानीय लोगों की मदद लेनी पड़ी।
वहीं, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सुचारू करने में भी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। हादसे में अजय शर्मा, मंजीत सिंह, विजय सिंह, विकास और राहुल मेहता के वाहनों को अधिक नुकसान पहुंचा। इन्हें मामूली चोटें भी आई। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।
पत्नी से बात कर रहा था, तभी टकराई गाड़ियां
हादसे में क्षतिग्रस्त कार के मालिक अजय शर्मा ने बताया कि वह पानीपत से चंडीगढ़ स्थित अपने घर जा रहे थे। हाईवे पर जाम लगा होने के कारण वह कार में बैठे अपनी पत्नी से बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार टक्कर हुई। उनकी पीठ पर चोट आई, जबकि पत्नी बाल-बाल बच गई।
अजय ने बताया कि उन्होंने अपनी कार पर करीब चार लाख रुपये अतिरिक्त खर्च किए थे, लेकिन हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उनके अनुसार ट्राले की टक्कर से आठ से नौ वाहनों को नुकसान पहुंचा है। हादसे में एक फौजी और उसका बेटा भी बाल-बाल बच गए। इस दौरान कुछ लोग मदद की बजाए वीडियो बनाते रहे जबकि कई लोगों ने मदद करते हुए गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

