CPL 2026: KKR के बल्लेबाज ने जड़ा सीजन का पहला शतक, तूफानी सेंचुरी और अनोखे सेलिब्रेशन ने मचाया तहलका
कैरिबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने सीजन का पहला शतक लगाया। उन्होंने सेंचुरी के बाद जो जश्न मनाया, उसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। सीफर्ट इस सीजन सीपीएल में सेंट लूसिया किंग्स के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने त्रिनबागू नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलते हुए शतक लगाया।
टिम सीफर्ट ने मनाया अनोखा जश्न
सीफर्ट ने मुकाबले में 61 गेंदों पर नाबाद 105 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। सेंचुरी पूरी करने के बाद उन्होंने उछल-कूच करने का अनोखा जश्न मनाया। उनके इस तरह सेलिब्रेशन का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
सेंट लूसिया किंग्स ने जीता मुकाबला
सीफर्ट के शतक के दम पर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। सेंट लूसिया के लिए दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर चरिथ असलंका रहे, जिन्होंने 21 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली। उनके अलावा जॉन कैंबेल ने भी 27 रन बनाए। टीकेआर के लिए सुनील नरेन ने किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 27 र खर्च करते हुए एक विकेट अपने नाम किया। उनके अलावा उस्मान तारिक और कायरन पोलार्ड को भी एक-एक सफलता मिली।
कायरन पोलार्ड की पारी भी नहीं आई काम
त्रिनबागू नाइट राइडर्स ने मुकाबले में पूरा जोर लगाया। सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने टीम को अच्छी शुरुआत दी और 35 गेंदों पर 48 रन बनाए। नरेन ने भी 25 रनों की अहम पारी खेली। हालांंकि, इसके बाद टीकेआर ने तीन विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए। अंत में कायरन पोलार्ड ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 26 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले। हालांकि, उनकी ये पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी और सेंट लूसिया ने मैच को 36 रनों से अपने नाम कर लिया।
उनके शतक की बदौलत सेंट लूसिया ने मुकाबले में जीत दर्ज की लेकिन उनका सेलिब्रेशन चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने कायरन पोलार्ड के ओवर में कुछ बड़े शॉट्स लगाए, जिससे उन्होंने अपनी सेंचुरी पूरी की। टीकेआर की टीम को मुकाबले में 36 रनों से हार का सामना करना पड़ा। शतकवीर सीफर्ट को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

