हरियाणा में दिवाली से पहले ठंड बढ़ेगी:4 दिन लगातार बारिश की संभावना; चक्रवात अर्नब का असर दिखेगा

7.8kViews
1090 Shares

हरियाणा में दिवाली से पहले ठंड बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 30 और 31 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी।

पिछले दो दिन में हुए बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में बदलाव दिखा। औसतन न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि राज्य में तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसका आंशिक असर हरियाणा में भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, 29 अक्टूबर से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ चक्रवात से बनने वाली हवाओं के साथ मिलकर असर दिखाता है, तो प्रदेश में मौसम में बदलाव हो सकता है

अक्टूबर में सामान्य से 181% ज्यादा बारिश

राज्य में अक्टूबर महीने के शुरुआती दिनों में बारिश की कमी थी, लेकिन बाद में हुई बरसात से 25 अक्टूबर तक प्रदेश में सामान्य से करीब तीन गुना बारिश दर्ज की गई। 1 से 25 अक्टूबर तक राज्य में 25.3 मिमी बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 9 मिमी है। इस तरह बारिश सामान्य से 181% अधिक रही। हालांकि, बारिश पूरे प्रदेश में समान रूप से नहीं हुई। कुछ जिलों में सामान्य से कई गुना ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जबकि भिवानी और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में बारिश सामान्य से कम रही।

हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा

पूरे हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार के बालसमंद में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी मौसम केंद्रों पर मौसम शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। अंबाला में न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री, हिसार में 14.4 डिग्री, करनाल में 14.1 डिग्री, नारनौल में 14.5 डिग्री और रोहतक में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भिवानी में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री और सिरसा में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन के तापमान में भी आई गिरावट

दिन के तापमान में 1.1°C की औसतन गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8°C फरीदाबाद में दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में 32.3°C और रोहतक में 32.1°C तापमान रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान कुरुक्षेत्र में 28.8°C और सोनीपत में 28.7°C रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 31.5°C और अंबाला में 30.2°C दिन का तापमान दर्ज हुआ। 28 व 29 अक्टूबर को होने वाली बारिश से दिन के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है।

।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *