जम्मू-कश्मीर: कठुआ के स्कूल में 12 से ज्यादा छात्राएं अचानक बेहोश, अस्पताल में मची अफरा-तफरी
कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सरकारी कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल में 12 से अधिक छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों में चिंता का माहौल बन गया।
सुबह की असेंबली के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, छात्राएं सुबह की असेंबली में शामिल थीं। इसी दौरान कुछ छात्राओं को चक्कर और सीने में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद एक-एक करके 12 से ज्यादा छात्राएं बेहोश होकर गिर गईं।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के तुरंत बाद छात्राओं को इलाज के लिए कठुआ के ओल्ड हॉस्पिटल ले जाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, तीन छात्राओं को आगे के उपचार के लिए जीएमसी कठुआ रेफर किया गया, जबकि नौ छात्राओं को ओल्ड हॉस्पिटल में रखा गया है।
अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट नहीं
एक साथ कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। चिकित्सकों की निगरानी में छात्राओं का उपचार किया जा रहा है। घटना के कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

