‘भारतीय पायलट ने 9/11 जैसी तबाही टाली’, कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर नेतन्याहू ने की तारीफ

1848 Shares

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई की उस उड़ान के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की है, जिसमें बीच हवा में गंभीर संकट पैदा हो गया था। नेतन्याहू ने कहा कि मच्छार और विमान में मौजूद अन्य लोगों की कार्रवाई से एक बड़ी हवाई त्रासदी टल गई।

यह घटना फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान FZ1073 में हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के भारतीय कप्तान स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया। इसके बाद विमान की स्थिति गंभीर हो गई और उसे सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़कर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पोस्ट में मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इससे यात्रियों और क्रू सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद मिली। उनके मुताबिक, इस पूरी कार्रवाई से विमान में सवार 174 लोगों की जान बची।

नेतन्याहू ने 9/11 से की तुलना

CNN से बातचीत में नेतन्याहू ने कहा कि भारतीय पायलट, एक यात्री और अन्य लोगों की कार्रवाई से ‘9/11 जैसी आपदा’ को रोका गया। उन्होंने बताया कि विमान तेजी से नीचे की ओर जा रहा था और उसके बाद रिजर्व पायलटों ने नियंत्रण संभालकर विमान को स्थिर किया।

हालांकि, घटना के पीछे हमलावर की मंशा को लेकर जांच अभी जारी है। नेतन्याहू ने भी कहा कि इस घटना के विशिष्ट मकसद के बारे में अभी निश्चित जानकारी सामने नहीं आई है। सऊदी अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैप्टन स्मित मच्छार फिलहाल सऊदी अरब के अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *