झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित सुकुवा-ढुकुवा डैम में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह डैम पर तैनात जेई ने तीनों के शव पानी में देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के पेंच मोहल्ला निवासी राज, नगरा निवासी रीतेश परिहार और नीरज के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवकों की गुमशुदगी की रिपोर्ट संबंधित थानों में पहले से दर्ज थी।
मौके पर मिली बाइक
तीन शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर पुलिस टीम पहुंची। बबीना प्रभारी निरीक्षक राहुल राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकलवाया। घटनास्थल के पास एक बाइक भी खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर उसके संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर तीनों युवकों की मौत डूबने से होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मौत की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

