अमरोहा में बनेगी नई हाईटेक जेल, तीन गांवों की 24.52 हेक्टेयर जमीन चिन्हित; 17 करोड़ रुपये भी तैयार
अमरोहा जिले में लंबे समय से प्रस्तावित जिला जेल के निर्माण की कवायद एक बार फिर तेज हुई है। जेल के लिए तीन गांवों के किसानों की कुल 24.52 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। प्रशासन अब संबंधित भूमि के गाटों का तहसील स्तर पर चिन्हांकन कर रहा है, ताकि आगे की प्रक्रिया को बढ़ाया जा सके।
प्रस्तावित जमीन जोया ब्लॉक क्षेत्र के रसूलपुर गुर्जर में चिन्हित की गई है। इसमें चुबका, रसूलपुर और डिडौली गांव के किसानों की जमीन शामिल है। वर्ष 2025 में तत्कालीन जिलाधिकारी और मुरादाबाद जिला कारागार के डीआईजी ने भी जमीन का निरीक्षण किया था।
अमरोहा में अभी तक अपनी जिला जेल नहीं है। जिले के बंदियों और विचाराधीन कैदियों को दूसरे जिलों की जेलों में भेजना पड़ता है। इसी वजह से यहां लंबे समय से जिला जेल बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इससे पहले मीरा सराय क्षेत्र में जमीन चिन्हित की गई थी, लेकिन बाद में क्षेत्र के नगर पालिका में शामिल होने और जमीन की कीमत बढ़ने के कारण किसानों ने जमीन देने से इनकार कर दिया था।
जेल निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से सरकार की ओर से 17 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यह राशि वर्ष 2022 से कोषागार में रखी हुई है और किसानों से जमीन खरीदने में इसका इस्तेमाल किया जाना है। हालांकि, अभी तक भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
प्रशासन की ओर से मुरादाबाद जिला कारागार के अधिकारियों से जमीन का प्रस्ताव तैयार करने के लिए पत्राचार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, तहसील स्तर पर जमीन के गाटों का चिन्हांकन जारी है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नई जेल के आधुनिक सुविधाओं से लैस होने की योजना है। पूर्व में सामने आए प्रस्ताव के अनुसार नई जेल में आधुनिक बैरक और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जानी हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

