उत्तराखंड में एसआईआर से मतदाता सूची में बड़ा बदलाव, 49743 वोटों पर संकट; टेंशन में भाजपा और कांग्रेस

2.2kViews
1365 Shares

जागरण संवाददाता, देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतिम चरण में मतदाता सूची को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। जिले में अब तक 49,743 नागरिकों ने नाम जोड़ने या मतदाता विवरण में संशोधन के लिए आवेदन किया है, जबकि 10,235 मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर दावे-आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। अंतिम निर्वाचक नामावली 15 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसे लेकर राजनीतिक पार्टीयां भी टेंशन में दिखाई दे रही हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की। राजनीतिक दलों को प्रारूप-9, 10, 11ए और 11बी की सूचियां भी उपलब्ध कराई गईं।

जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त तक प्रारूप-6 में 39,025 आवेदन नाम जोड़ने के लिए और प्रारूप-8 में 10,718 आवेदन मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्राप्त हुए हैं। प्रारूप-7 के तहत 10,235 दावे-आपत्तियां मिली हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी मतदाता का नाम केवल आपत्ति के आधार पर नहीं हटाया जाएगा।हर आपत्ति पर संबंधित बीएलओ संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराएंगे। नोटिस दिए जाने के सात दिन बाद बूथवार सुनवाई शिविर आयोजित होगा, जिसमें संबंधित मतदाता और आपत्तिकर्ता दोनों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। ठोस आधार या प्रमाण प्रस्तुत नहीं होने पर नाम हटाने की कार्रवाई नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *