‘परीक्षा देने आती हो या मिलने?’, मधेपुरा में छात्रा और लड़कों के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस-प्रशासन बेखबर

1387 Shares

जमुई जिले में पिछले दिनों छात्रा के साथ हुई अश्लील हरकत और दुर्व्यवहार का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज में एक नया मामला सामने आ गया है। मामला थाना क्षेत्र के उत्क्रमित हाई स्कूल उदा के पास का बताया जा रहा है।

यहां एक छात्रा से मिलने पहुंचे लड़के को कुछ छात्रों और स्थानीय किशोरवय लड़कों ने घेर लिया। उनका कहना है कि छात्रा व लड़का स्कूल के पास झाड़ी में अश्लील हरकतें कर रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक होती है।

इसी बीच, भीड़ में शामिल कुछ लड़कों द्वारा छात्रा के साथ मौजूद किशोर की बाइक की चाबी छीन ली जाती है। बात कहासुनी से बढ़कर धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच जाती है।

इसी दौरान कुछ लड़कों द्वारा इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया गया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है। हालांकि, दैनिक जागरण सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

इधर, इस संबंध में स्कूल के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने ऐसे किसी भी घटनाक्रम से साफ इनकार किया है। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार का भी कहना है कि उन्हें इस तरह के वायरल वीडियो की कोई जानकारी नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के पास मनचले लड़के मंडराते रहते हैं। स्कूलों में छुट्टी के बाद ऐसे लड़के छात्राओं को देखकर फब्तियां कसते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विवाद के दौरान कुछ महिलाएं भी वहां पहुंच जाती हैं।

छात्रा लड़कों से उलझती नजर आ रही है। वहीं, उसे घेरने वाले लड़के वीडियो में यह कहते दिख रहे हैं कि “परीक्षा देने आती हो या लड़के से मिलने?” इस तरह की टिप्पणी पर छात्रा कड़ी प्रतिक्रिया देती भी दिख रही है।

इसी बीच छात्रा के साथ मौजूद किशोर की बाइक की चाबी छीने जाने पर मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में सख्ती बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में जमुई जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

मालूम हो कि 21 से 23 सितंबर तक उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *